डोनाल्ड ट्रंप पर रेप का आरोप: पूर्व मिस स्विट्जरलैंड ने किए गंभीर दावे, डेमोक्रेट्स की रिपोर्ट

trump-16-585x390

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी (Democratic Party) द्वारा जारी की गई एक नई रिपोर्ट में ट्रंप पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पूर्व मिस स्विट्जरलैंड और मॉडल बीट्रिस केउल (Beatrice Keul) ने ट्रंप पर रेप का आरोप लगाया है। केउल के मुताबिक, नवंबर 1993 की जिस घटना को उन्होंने पहले सिर्फ बदसलूकी और छेड़छाड़ बताया था, वास्तव में उस दौरान ट्रंप ने उनके साथ रेप किया था।

जेफरी एपस्टीन के साथ संबंधों का भी जिक्र

अमेरिकी हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट्स द्वारा जारी 53 पन्नों की इस रिपोर्ट में ट्रंप और कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन (Jeffrey Epstein) के कथित संबंधों का भी विस्तृत ब्योरा दिया गया है। बता दें कि नाबालिगों की यौन तस्करी के आरोपों में हिरासत के दौरान 2019 में एपस्टीन की मौत हो गई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या माना गया था।

क्या है बीट्रिस केउल का दावा?

बीट्रिस केउल के अनुसार, जब वह 24 साल की थीं, तब उनकी मुलाकात ट्रंप से न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल (जिसके मालिक उस समय ट्रंप ही थे) में एक प्रतियोगिता के दौरान हुई थी। केउल का आरोप है कि ट्रंप ने उन्हें वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में एडमिशन करवाने का वादा किया था। इसके बाद एपस्टीन ने उनसे संपर्क किया और मार-ए-लागो में एक पार्टी में बुलाया।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बाद में ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने केउल को अटलांटिक सिटी स्थित ट्रंप प्लाजा होटल में मिलने के लिए बुलाया। केउल का आरोप है कि वहां कमरे में प्रवेश करते ही ट्रंप ने उनका रेप किया। इस दौरान उनके शरीर पर कई चोटें और खरोंचें आईं।

डेमोक्रेट्स की मांग और व्हाइट हाउस का जवाब

डेमोक्रेट्स का तर्क है कि मॉडल केउल का बयान ट्रंप पर लगे यौन उत्पीड़न के पुराने आरोपों से मेल खाता है। डेमोक्रेट सांसद जेमी रस्किन ने अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) पर राष्ट्रपति को बचाने का आरोप लगाया और कहा कि कम से कम पांच महिलाओं ने सीधे तौर पर ट्रंप पर एपस्टीन के साथ या उसकी मौजूदगी में रेप के आरोप लगाए हैं। डेमोक्रेट्स ने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक स्पेशल जांच अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।

दूसरी ओर, व्हाइट हाउस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा कि यह रिपोर्ट केवल राष्ट्रपति ट्रंप की उपलब्धियों और रिपब्लिकन पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से अमेरिकी जनता का ध्यान भटकाने का एक प्रयास है। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप भी हमेशा से यह कहते रहे हैं कि एपस्टीन के गैर-कानूनी काम में फंसने से बहुत पहले ही उन्होंने उससे अपनी दोस्ती तोड़ ली थी।