यूट्यूबर ध्रुव राठी की बढ़ी मुश्किलें: सेना-पुलिस को बगावत के लिए उकसाने का आरोप, दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज

DHURVA

मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दी गई है। दिल्ली के वकील विवेक गर्ग ने पुलिस कमिश्नर, नॉर्थ डीसीपी (DCP) और रूप नगर थाना प्रभारी को यह शिकायत सौंपी है। आरोप है कि ध्रुव राठी ने एक इंटरव्यू में भारतीय सेना और पुलिस को सरकार के खिलाफ विद्रोह करने के लिए उकसाया है।

देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप

शिकायतकर्ता विवेक गर्ग का दावा है कि ध्रुव राठी के बयान देश और केंद्र सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की कोशिश और साजिश का हिस्सा हैं। अपनी शिकायत के समर्थन में उन्होंने सोशल मीडिया पर मौजूद एक वीडियो का हवाला दिया है।

पासपोर्ट जब्त करने और जांच की मांग

वकील ने पुलिस से मांग की है कि ध्रुव राठी के आर्थिक स्रोतों और उनके कथित संपर्कों की जांच की जाए। इसके साथ ही उनका पासपोर्ट जब्त करने की अपील भी की गई है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत राठी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू करने का आग्रह किया गया है।

मानहानि केस में साकेत कोर्ट से नया समन

दिल्ली पुलिस में हुई इस शिकायत के अलावा ध्रुव राठी कानूनी मोर्चे पर एक पुराने मामले का भी सामना कर रहे हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि के एक मुकदमे में नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया है।

यह मुकदमा विकास सांस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे की ओर से दायर किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ध्रुव राठी के ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ (BJP IT Cell Part-2) वीडियो के जरिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया गया।

गुरुग्राम आवास पर भेजा जाएगा समन

अदालत ने 12 अक्टूबर को पारित अपने आदेश में ध्रुव राठी के गुरुग्राम स्थित आवास पर नए सिरे से समन भेजने की प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दी। कोर्ट ने समन की तामील के लिए ‘दस्ती सेवा’ (Dasti Service) की इजाजत दी है। इसके तहत शिकायतकर्ता को प्रोसेस सर्वर के साथ जाने की अनुमति दी गई है ताकि समन सीधे सौंपा जा सके। इस मानहानि मामले में साकेत कोर्ट 17 अक्टूबर को अगली सुनवाई करेगा।