चंद्रशेखर आजाद के ABVP से जुड़े होने के दावे का खंडन, विद्यार्थी परिषद और आज़ाद ने क्या कहा?

chanderashekhar

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद की छात्र राजनीति को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में यह दावा किया गया कि पढ़ाई के दौरान चंद्रशेखर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े हुए थे। हालांकि, अब इस खबर का एबीवीपी ने जोरदार खंडन किया है। एबीवीपी ने स्पष्ट किया है कि चंद्रशेखर आज़ाद का उनके संगठन से कभी कोई संबंध नहीं रहा है और यह दावा पूरी तरह भ्रामक है।

पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी के दावे से शुरू हुआ विवाद

यह पूरा विवाद एक टीवी कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम में पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी ने दावा किया था कि चंद्रशेखर आजाद अपने छात्र जीवन में एबीवीपी से जुड़े थे। उन्होंने यहां तक कहा कि इसी कनेक्शन के कारण बीजेपी दलित वोट काटने के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है। यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई।

ABVP ने जारी किया स्पष्टीकरण

इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए एबीवीपी ने बिना चंद्रशेखर आजाद का नाम लिए सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्टर जारी किया। परिषद ने स्वाति चतुर्वेदी के दावे को खारिज करते हुए लिखा, “स्वाति चतुर्वेदी जी द्वारा एक व्यक्ति को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जोड़कर प्रस्तुत किया जाना पूरी तरह निराधार है। अभाविप स्पष्ट करना चाहती है कि संबंधित व्यक्ति का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से कभी कोई संबंध नहीं रहा है और न ही वह परिषद का कार्यकर्ता रहा है।”

परिषद ने इसे छवि खराब करने की कोशिश बताते हुए आगे कहा, “बिना किसी तथ्यात्मक आधार के किसी व्यक्ति को संगठन से जोड़ना और फिर उसके आधार पर अभाविप की छवि को प्रभावित करने का प्रयास करना भ्रामक नैरेटिव खड़ा करने जैसा है।”

चंद्रशेखर आजाद की तीखी प्रतिक्रिया

इस राजनीतिक बवाल के बीच खुद चंद्रशेखर आजाद की भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। एक न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने एबीवीपी से जुड़े होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। आजाद ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे (कि वह एबीवीपी में थे), तो वह राजनीति ही छोड़ देंगे। हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि छात्र राजनीति के दौरान वह एक अन्य पार्टी का हिस्सा जरूर थे, लेकिन एबीवीपी से उनका कोई लेना-देना नहीं था।