‘हमें इस्लाम से सीख लेनी चाहिए…’, राजा भैया के इस बयान से यूपी की सियासत में हलचल; बोले- राजनीतिक दलों से ऊपर है हिंदुत्व

raja bhaiya

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट के बीच धर्म, राजनीति और सनातन को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का एक बड़ा और चर्चित बयान सामने आया है। राजा भैया ने कहा है कि कई राजनीतिक दल ऐसे हैं जो नहीं चाहते कि हिंदू समाज एकजुट हो सके। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को अपनी वैचारिक प्राथमिकताओं को लेकर इस्लाम धर्म का उदाहरण देते हुए नसीहत दी है।

‘मुस्लिम समाज के लिए सबसे पहले इस्लाम आता है’

एक कार्यक्रम के दौरान हिंदू एकता और राजनीतिक दलों की भूमिका पर खुलकर बोलते हुए राजा भैया ने कहा कि इस मामले में हमें इस्लाम से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, “बहुत से मुस्लिम हैं जो कांग्रेस में हैं, बहुत से समाजवादी पार्टी में हैं और कुछ अन्य दलों या वामपंथी विचारधारा से जुड़े हैं। लेकिन, जब बात आती है तो उनके लिए इस्लाम उनकी पहली प्राथमिकता होता है।”

उन्होंने आगे कहा कि इसी तरह हिंदुओं को भी यह सोचना चाहिए कि वे किसी भी राजनीतिक दल से बंधे न रहें और जब बात हिंदुत्व और सनातन की आए, तो उन्हें यह याद रखना चाहिए कि वे सबसे पहले हिंदू हैं।

‘राजनीतिक दल आते-जाते रहते हैं, आस्था प्रखर हो’

राजा भैया ने जोर देकर कहा कि राजनीतिक दल तो आते-जाते रहते हैं, लेकिन ईश्वर, धर्म और सनातन के प्रति हमारी विचारधारा, आस्था और निष्ठा बेहद प्रखर, ठोस और मुखर होनी चाहिए। उन्होंने किसी भी दल का सीधे तौर पर नाम लेने से तो परहेज किया, लेकिन यह जरूर कहा कि आज के दौर में अधिकांश राजनीतिक दल यह नहीं चाहते कि हिंदू एकजुट हों।

उनके मुताबिक, देश में कुछ ही अपवादों को छोड़कर लगभग सभी दल इस बात से डरते हैं कि यदि हिंदू समाज एक मंच पर आ गया, तो उनके राजनीतिक समीकरण बिगड़ सकते हैं। राजा भैया का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उत्तर प्रदेश में सियासी दलों के बीच सॉफ्ट हिंदुत्व और धार्मिक मुद्दों को लेकर खींचतान लगातार बढ़ती जा रही है।