‘2027 में सरकार बनाना अखिलेश का सपना ही रहेगा’, भूपेंद्र चौधरी का सपा पर हमला, आकाश आनंद को ऑफर
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा जुबानी हमला बोला है। मुरादाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 में यूपी में सरकार बनाने का अखिलेश यादव का सपना सिर्फ एक सपना ही रह जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है और यूपी में लगातार तीसरी बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
‘गठबंधन धर्म नहीं निभा सकती सपा’ समाजवादी पार्टी की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव गठबंधन धर्म निभाना और अपने सहयोगियों को साथ लेकर चलना नहीं जानते। उन्होंने सपा पर जातिवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ केवल उनकी बिरादरी और जाति के लोग ही टिक सकते हैं, जिनका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है।
आकाश आनंद के लिए BJP के दरवाजे खुले बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती के भतीजे और पार्टी के प्रमुख चेहरे आकाश आनंद के सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने खुले तौर पर कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विचारधारा से प्रभावित होकर उनके साथ काम करना चाहता है, तो पार्टी में उसका स्वागत है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बीजेपी की सदस्यता प्रक्रिया तो ऑनलाइन भी खुली हुई है।
अखिलेश के ‘कृष्ण प्रेम’ पर जताया संशय अखिलेश यादव द्वारा हाल ही में जाहिर किए गए ‘कृष्ण प्रेम’ पर चौधरी ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख जिस तरह से सियासी मुद्दों पर अपना स्टैंड बदलते रहते हैं, वे जल्द ही इस ‘कृष्ण प्रेम’ पर भी अपना रुख बदल लेंगे। हालांकि, उन्होंने तंज कसते हुए यह भी जोड़ा कि अगर सच में उनका हृदय परिवर्तन हुआ है, तो बीजेपी इसका स्वागत करती है।
कानून व्यवस्था और पदों का समायोजन प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सख्त संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति अराजकता फैलाएगा या कानून को अपने हाथ में लेगा, सरकार उसके खिलाफ पूरी सख्ती और विधि सम्मत तरीके से कार्रवाई करेगी। वहीं, बीजेपी संगठन में पदों की रेस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी सभी राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन करके ही पदों का समायोजन करती है। संगठन के विस्तार की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और सभी कार्यकर्ताओं को उचित जिम्मेदारी दी जाएगी।
