भजनलाल के घर वोट मांगने पहुंचीं कांग्रेस प्रत्याशी, पिता से हुई मजेदार बातचीत
भरतपुर में चल रहे चुनाव प्रचार के दौरान एक दिलचस्प सियासी वाकया सामने आया है। वार्ड-41 से कांग्रेस प्रत्याशी और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा डोर-टू-डोर जनसंपर्क करते हुए सीधे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के घर पहुंच गईं। मुख्यमंत्री का निजी आवास इसी वार्ड की सीमा में आता है। यहां बबीता शर्मा ने सीएम के पिता किशन स्वरूप शर्मा से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सीएम के पिता बोले- ‘मैं तो भाजपा का हूं’
मुख्यमंत्री आवास के अंदर जाकर कांग्रेस प्रत्याशी ने किशन स्वरूप शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। जब उन्होंने कांग्रेस के लिए वोट मांगा, तो सीएम के पिता ने हंसते हुए जवाब दिया, “मैं तो भाजपा का हूं।” बबीता शर्मा का कहना है कि लोकतंत्र में हर मतदाता के दरवाजे पर जाना और वोट मांगना एक प्रत्याशी का अधिकार है, फिर चाहे वह घर मुख्यमंत्री का ही क्यों न हो।
6 सितंबर को भी प्रचार के लिए गई थीं कांग्रेस नेत्री
बबीता शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के घर जाकर वोट मांगने का यह उनका पहला प्रयास नहीं था। इससे पहले 6 सितंबर को भी वह सीएम आवास पर प्रचार के लिए गई थीं, लेकिन उस दिन घर पर कोई मौजूद नहीं था। मंगलवार को वह दोबारा वहां पहुंचीं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अंदर मिलने की इच्छा जताई। इसके बाद उन्हें घर के अंदर बुलाया गया।
वीआईपी वार्ड में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
मुख्यमंत्री का घर होने के कारण वार्ड-41 का यह चुनाव हॉट सीट में तब्दील हो चुका है। इस वीआईपी सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। कांग्रेस की तरफ से बबीता शर्मा जनसंपर्क में जुटी हैं, जबकि भाजपा ने यहां से दीपक मुद्गल की पत्नी योगेश्वरी मुद्गल को अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों प्रत्याशियों के बीच इस वार्ड में कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
