‘हम यकीनन बीवी पगलू हैं… देश को कुंवारे के हवाले क्यों किया?’, ओवैसी का मोदी, योगी तंज

owisi

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हैदराबाद के सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी प्रदेश में खासे सक्रिय नजर आ रहे हैं। एक तरफ जहां ओवैसी गैर-बीजेपी दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वह अपने राजनीतिक विरोधियों—भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP)—पर भी तीखे जुबानी हमले बोल रहे हैं।

सोमवार को ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यूपी की अपनी एक सभा का वीडियो साझा किया, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर अपने चिर-परिचित अंदाज में तंज कसते नजर आए।

‘देश को कुंवारे के हवाले किसने करने को कहा था?’

अपने भाषण के दौरान सोशल मीडिया पर उठ रहे कुछ सवालों का जवाब देते हुए ओवैसी ने कहा, “हम यकीनन बीवी पगलू हैं। हम बाबा (सीएम योगी), मोदी और अखिलेश की तरह उत्तर प्रदेश और देश को पगलू (पागल) नहीं बनाते।”

उन्होंने आगे कहा, “पूरे भारत में इंस्टाग्राम पर लोग कह रहे हैं कि आप बीवी के बारे में ज्यादा बोलते हैं… मेरे भाई, आपसे किसने कहा था कि देश और यूपी को कुंवारे के हवाले कर दो।” ओवैसी ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए मजाकिया लहजे में कहा, “हम सिर्फ भड़काऊ भाषण नहीं देते हैं… यह भी देते हैं। सीख लो जालिमों।”

ओवैसी ने दिए पत्नी को खुश रखने के टिप्स

राजनीतिक हमलों के बीच ओवैसी ने अपनी सभा में मौजूद शादीशुदा लोगों को पत्नी को खुश रखने के कुछ मजेदार और आसान टिप्स भी दिए। उन्होंने अपने निजी जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ किस तरह बातचीत करते हैं।

ओवैसी ने एक हालिया किस्सा साझा करते हुए बताया, “जब मैं सुबह हैदराबाद से प्लेन में बैठा तो मेरी पत्नी ने मुझे सीट बेल्ट बांधने के लिए कहा। मैंने खुद फोन करके उन्हें बताया कि प्लेन अब टेक-ऑफ करने वाला है और मैं जा रहा हूं। जब मेरा प्लेन लखनऊ पहुंचा, तो मैंने वहां पहुंचते ही फिर फोन किया और पत्नी से कहा कि मैं लखनऊ पहुंच गया हूं, अब खाना खा लो।”

‘हाउ आर यू माय डियर?’ से रिश्ते में आता है फर्क

सभा में मौजूद लोगों को समझाते हुए AIMIM प्रमुख ने कहा कि पत्नी से छोटी-छोटी बातों के जरिए भी रिश्ते में अपनापन बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सफर के दौरान या काम के सिलसिले में बाहर रहने पर पत्नी को फोन करना और उनका हालचाल पूछना बहुत मायने रखता है।

ओवैसी ने कहा कि फोन पर सिर्फ इतना पूछ लेना कि, “हाउ आर यू माय डियर?” (आप कैसी हैं?) और यह कहना कि “आप मुझे बहुत याद आती हैं”, रिश्ते में काफी फर्क ला सकता है। उनके मुताबिक, ऐसी छोटी सी बातचीत के बाद व्यक्ति भले ही अपने काम में व्यस्त हो जाए, लेकिन पत्नी को यह एहसास जरूर होता है कि उसका पति उसे याद करता है और उसकी परवाह करता है। ओवैसी का यह हल्का-फुल्का अंदाज सभा में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।