October 4, 2026

आराधना मिश्रा का पहला बयान: समय कम और चुनौतियां ज्यादा, लेकिन 2027 में बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार

pramod tiwari

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) की नई अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद तेज-तर्रार विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ (Aradhana Mishra ‘Mona’) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। अजय राय की जगह यूपी कांग्रेस की कमान संभालने वाली आराधना मिश्रा ने इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) और ‘इंडिया’ गठबंधन के तालमेल को लेकर अपने स्पष्ट विचार रखे।

‘पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगी जिम्मेदारी’

प्रदेश अध्यक्ष का पद मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में आराधना मिश्रा ने कहा, “मैं सबसे पहले अपने शीर्ष नेतृत्व—आदरणीय मल्लिकार्जुन खरगे जी, आदरणीय सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करूंगी कि उन्होंने मुझे यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इस जिम्मेदारी को निभाऊंगी।”

उन्होंने जमीनी हकीकत को स्वीकार करते हुए कहा, “हां, मैं यह मानती हूं कि 2027 के चुनाव को देखते हुए हमारे पास समय कम है और चुनौतियां ज्यादा हैं।”

गठबंधन धर्म और 2027 के चुनाव पर क्या बोलीं?

आगामी विधानसभा चुनाव और समाजवादी पार्टी (SP) के साथ गठबंधन को लेकर मोना ने साफ किया कि पार्टी को हर मोर्चे पर काम करना होगा। उन्होंने कहा, “2027 का चुनाव सामने है और हमें ‘गठबंधन धर्म’ भी निभाना है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और युवाओं के साथ मिलकर हम इस चुनौती को पूरा करेंगे। 2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।”

चुनौतियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “चुनौतियां हर रास्ते में होती हैं। मैंने इन्हें स्वीकार किया है और मुझे पूरा विश्वास है कि इनका डटकर सामना करते हुए इन्हें परास्त भी करूंगी।”

पिता प्रमोद तिवारी ने जताया बेटी पर भरोसा

आराधना मिश्रा को यूपी की कमान मिलने पर उनके पिता, दिग्गज कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी (Pramod Tiwari) ने भी खुशी और भरोसा जाहिर किया। प्रमोद तिवारी ने कहा: “मोना उस परिवार की चौथी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो कांग्रेस पार्टी के हर कठिन दौर में उसके साथ मजबूती से खड़ा रहा है। वह ब्लॉक प्रमुख, विधायक और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता के रूप में अपनी क्षमता साबित कर चुकी हैं।”

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि मोना जी के नेतृत्व में पार्टी एकजुट होगी, अगली सरकार इंडिया गठबंधन की बनेगी और उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।”

कांग्रेस संगठन में और क्या हुए बदलाव?

बता दें कि कांग्रेस ने आराधना मिश्रा के साथ ही अपनी यूपी इकाई में अहम बदलाव करते हुए सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा देवेंद्र निषाद (OBC) और आलोक प्रसाद (दलित) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि संगठन में हर वर्ग को साधा जा सके।