अखिलेश यादव ने ‘भारत रत्न’ बिस्मिल्लाह खान की विरासत ‘ध्वस्त’ करने का किया दावा; प्रशासन और परिजनों ने बताया सच

Akhilesh-Yadav-4

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव ने सत्ताधारी भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘भारत रत्न’ उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत को ध्वस्त किया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन, स्थानीय लोगों और खुद बिस्मिल्लाह खान के परिजनों ने अखिलेश यादव के इस दावे को पूरी तरह से निराधार और गलत बताया है।

परिजनों ने कहा- हम खुद करवा रहे हैं मकान की मरम्मत

अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत को ध्वस्त नहीं किया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि जर्जर हो चुके मकान की मरम्मत का काम वे खुद निजी कर्मचारियों से करवा रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया में सरकार या प्रशासन का कोई भी हस्तक्षेप नहीं है।

परिवार का कहना है कि यह मरम्मत कार्य आपसी सहमति से पिछले करीब एक हफ्ते से चल रहा है। योजना के मुताबिक, मकान के प्रथम तल (ग्राउंड फ्लोर) पर एक म्यूजियम बनवाया जाएगा, जबकि दूसरे तल का इस्तेमाल परिवार के सदस्यों के रहने के लिए किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस मकान में बिस्मिल्लाह खान के परिवार के कुल 20 सदस्य रहते हैं।

अखिलेश यादव ने एक्स (X) पर क्या लिखा था?

इससे पहले, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने लिखा, “जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना? भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी ‘कला और कलाकारों’ के हमेशा ख़िलाफ़ रहते हैं।”

उन्होंने पुरातनपंथी और रूढ़िवादी मानसिकता का जिक्र करते हुए कहा कि सकारात्मक कला समाज में सहृदयता और सहनशीलता लाती है, जिसे भाजपा अपने एजेंडे में रोड़ा मानती है।

‘भारत के मान को ध्वस्त करने के समान’

सपा चीफ ने भाजपा पर नफरत की आग में देश को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा, “जिनके आगे ‘भारत रत्न’ लगा हो, उनकी मिलीजुली विरासत को ध्वस्त करना उनके मान-सम्मान के साथ-साथ ‘भारत’ के मान को भी ध्वस्त करने के समान है।”

इसके साथ ही, अखिलेश यादव ने वादा किया कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो वे उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की सांगीतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए एक ‘श्रवण-संग्रहालय’ (ऑडियो म्यूजियम) का निर्माण करवाएंगे।