मूसलाधार बारिश में CEC के खिलाफ अजय राय का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग फांदी तो पुलिस ने हिरासत में लिया
Ajay Rai Protest in Lucknow: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को लखनऊ में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। सुन्नी वक्फ बोर्ड कार्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
बारिश में बैरिकेडिंग पर चढ़े अजय राय
मूसलाधार बारिश के बावजूद अजय राय युवा कार्यकर्ताओं के साथ बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करते नजर आए। पुलिस ने उन्हें नीचे उतार लिया। इसके बाद अजय राय समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और कांग्रेस जनता के अधिकारों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
अखिलेश की PDA यात्रा पर भी बोले अजय राय
अजय राय ने अखिलेश यादव की ‘PDA रथ’ यात्रा पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक नेता चुनाव प्रचार के लिए कहीं भी जा सकता है। कांग्रेस भी अपना काम कर रही है और लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है। राय ने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं और कांग्रेस जनता से जुड़े सवालों को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
