‘स्वार्थ और सत्ता के लोभ पर टिका गठबंधन ज्यादा दिन नहीं चलेगा’: पंकज चौधरी

pankaj

BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर तीखा प्रहार किया है। बुधवार को संतकबीरनगर पहुंचे पंकज चौधरी ने विपक्षी गठबंधन को स्वार्थ और सत्ता के लोभ पर आधारित बताया और दावा किया कि यह गठबंधन ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएगा।

संतकबीरनगर दौरे के दौरान पंकज चौधरी ने संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। NH-28 स्थित सोनी होटल पर पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया, जबकि विधायक अंकुर राज तिवारी ने फूल बरसाकर अगवानी की।

181 सीटों की मांग और 26 पर चर्चा का तंज

सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच के मतभेदों पर पंकज चौधरी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 181 सीटों की मांग कर रही है, जबकि सपा की ओर से 26 सीटों पर बात कही जा रही है।

चौधरी ने कहा कि गठबंधन अभी अंतिम रूप से तय भी नहीं हुआ और सपा ने पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। उनके मुताबिक, ऐसे हालात में यह गठबंधन आगे ज्यादा दूर तक नहीं चल पाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी BJP के नेतृत्व में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनेगी।

2027 की रणनीति और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी

संतकबीरनगर की बैठक में पंकज चौधरी ने वर्तमान और पूर्व BJP पदाधिकारियों को एक साथ बैठाकर संवाद किया और अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश की योगी सरकार के 10 वर्षों के कार्यों के आधार पर पार्टी 2027 में प्रचंड बहुमत से सत्ता में लौटेगी।

उनका कहना था कि जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को बताना और संवाद बनाए रखना जरूरी है। चौधरी ने कहा कि जनसंपर्क के दौरान सामने आने वाली कमियों को सुधारने का भी मौका मिलता है।

कानून-व्यवस्था और जनसेवा का जिक्र

पंकज चौधरी ने कहा कि BJP अहंकार में नहीं है और पार्टी सत्ता में राज करने नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने आई है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार के दौरान हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जहां पहले लोग प्रदेश में आने से घबराते थे, वहीं अब निवेश का बेहतर माहौल तैयार हुआ है और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।