फिरोजाबाद में शादी के बीच उधारी वसूलने पहुंची युवती, रुकीं रस्में; पुलिस ने कराया…

firozabad-wedding-groom-loan-dispute

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में लाइनपार स्थित एक मैरिज होम में विवाह समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गाजियाबाद से आई एक युवती ने दूल्हे से अपने उधार दिए पैसे लौटाने की मांग शुरू कर दी। हंगामे की वजह से शादी की रस्में बीच में ही थम गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर बात कराई और सुलह करवाई। दूल्हे के रकम लौटाने पर राजी होने के बाद युवती वहां से रवाना हुई और तब जाकर रस्मों का सिलसिला दोबारा शुरू हो सका।

मामला रेलवे अंडरपास के पास लाइनपार के नगला मस्जिद इलाके का है, जहां के एक परिवार की बेटी की शादी बुधवार को थी। देर रात बारात आने के बाद मैरिज होम में फेरों और अन्य रस्मों की तैयारी चल रही थी। तभी गाजियाबाद की रहने वाली पूनम समारोह स्थल पर पहुंच गई और दूल्हे पर उधार लिए गए रुपये न लौटाने का आरोप लगाते हुए शोर-शराबा करने लगी।

गाजियाबाद की कंपनी में साथ करते थे काम

पूनम के मुताबिक दूल्हा पहले गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में उसके साथ नौकरी करता था। उसी दौरान उसने पूनम से पैसे उधार लिए थे। नौकरी छोड़ने के बाद वह रकम लौटाने से बचने लगा। पूनम का कहना था कि उसने कई बार फोन किया, लेकिन दूल्हा कॉल उठाता ही नहीं था। इसी से तंग आकर वह सीधे शादी में पहुंचकर अपनी रकम मांगने लगी। इस हंगामे के चलते विवाह की रस्में रोकनी पड़ीं।

पुलिस की मौजूदगी में हुई बातचीत

सूचना पाकर सब-इंस्पेक्टर हर्षित कुमार पुलिस टीम के साथ मैरिज होम पहुंचे और युवती व दूल्हे, दोनों से पूछताछ की। पूछताछ में दूल्हे ने माना कि उस पर उधारी बकाया है। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक वार्ता चली। आखिरकार दूल्हे ने तय समय के भीतर पैसे लौटाने का भरोसा दिया, जिसके बाद पूनम मान गई और गाजियाबाद लौट गई। उसके जाने पर ही शादी की बाकी रस्में फिर से शुरू हो पाईं।