वाराणसी में सपा का टिकट किसे मिलेगा? ब्राह्मण नेताओं ने भी ठोकी ताल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के बाद वाराणसी जनपद में टिकट के दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई हैं। जिले की आठ विधानसभा सीटों पर मुख्य रूप से BJP, सपा-कांग्रेस गठबंधन और BSP के बीच मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन टिकट की दौड़ में सबसे ज्यादा हलचल सपा के भीतर दिख रही है।
शहरी क्षेत्र की सीटों पर भी सपा से हर सीट पर तीन से चार दावेदार मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। पूर्वांचल में BJP से जुड़े रहे ब्राह्मण वर्ग के नेता भी सपा से टिकट पाने के लिए कतार में बताए जा रहे हैं।
शिवपुर से दक्षिणी तक दावेदारों की भीड़
सपा पदाधिकारियों के मुताबिक, वाराणसी की शिवपुर विधानसभा सीट पर चार से पांच कार्यकर्ता टिकट की दौड़ में हैं। इनमें दो ब्राह्मण, एक मौर्य और एक यादव वर्ग से जुड़े दावेदार शामिल हैं।
दक्षिणी विधानसभा सीट पर भी चार सपा नेताओं में दो से तीन ब्राह्मण वर्ग से बताए जा रहे हैं। वहीं कैंट और उत्तरी विधानसभा सीटों पर टिकट के लिए ब्राह्मण वर्ग के साथ राजपूत, कायस्थ समाज, अल्पसंख्यक और व्यापारी वर्ग से आने वाले नेता दावेदारी कर रहे हैं। मंगलवार को सपा की पांच उम्मीदवारों वाली सूची जारी होने के बाद दावेदारों ने अपने-अपने टिकट को लेकर दावे तेज कर दिए हैं।
BJP में दावेदारी और पिछला रिकॉर्ड
वाराणसी में BJP की ओर से शिवपुर और उत्तरी विधानसभा सीटों पर मौजूदा विधायकों के अलावा पार्टी पदाधिकारी भी पोस्टर और सोशल मीडिया के जरिए दावेदारी जता रहे हैं।
दूसरी ओर, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों के रिकॉर्ड को देखते हुए टिकट को लेकर अटकलें सीमित मानी जा रही हैं। 2017 में BJP ने कई सीटों पर चुनाव के बेहद करीब ऐसे उम्मीदवारों को उतारा था जिनकी उम्मीद नहीं थी, और 2022 में उनमें से अधिकांश को दोबारा टिकट देकर चुनाव लड़ाया गया था, जिनमें कई विधायक चुने गए थे।
