यूपी चुनाव 2027: खराब प्रदर्शन वाले बीजेपी विधायकों का तैयार हो रहा रिपोर्ट कार्ड, कटेगा टिकट?
2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा के तीन बागी विधायक BJP में शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों के कामकाज की समीक्षा शुरू कर दी है। खराब प्रदर्शन करने वाले विधायकों के नाम चिह्नित किए जा रहे हैं और उनकी रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगामी टिकट बंटवारे पर फैसला होगा।
लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई कोर कमेटी की बैठक में इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शामिल रहे।
5 दिसंबर तक चौपाल का लक्ष्य, हारी सीटों पर विशेष फोकस
कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि पिछले विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर पार्टी कम अंतर से हारी थी, वहां अलग रणनीति के तहत काम किया जाए। साथ ही लोकसभा चुनाव में जिन क्षेत्रों में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा, वहां संगठन को फिर से सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
गांव-गांव तक संपर्क बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों को तय समयसीमा में कार्यक्रम करने की जिम्मेदारी दी गई है:
-
सभी विधायकों को 5 दिसंबर तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में 50 चौपाल लगानी होंगी।
-
सांसदों को इसी अवधि में अपने संसदीय क्षेत्र में 10 चौपाल आयोजित करने का लक्ष्य मिला है।
-
जिन विधानसभा सीटों पर बीजेपी के विधायक नहीं हैं, वहां राज्यसभा सांसद और विधान परिषद सदस्य चौपाल लगाएंगे।
इन चौपालों के जरिए महिलाओं, युवाओं और अन्य वर्गों से संवाद कर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को पहुंचाया जाएगा। सभी कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपनी होगी।
दिसंबर में पीएम मोदी और अमित शाह के दौरे प्रस्तावित
चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए दिसंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे प्रस्तावित हैं। बैठक में इन दौरों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पार्टी की कोशिश है कि शीर्ष नेताओं के कार्यक्रमों से पहले बूथ और संगठन स्तर पर जनसंपर्क अभियान को जमीन पर मजबूत कर लिया जाए।
कोर कमेटी की चर्चा में महिला व युवा मतदाताओं को जोड़ने, कमजोर सीटों पर पकड़ बनाने और मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को जुड़वाने पर भी काम तेज करने का तय किया गया है।
