अयोध्या-वाराणसी समेत यूपी के 21 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट, कई जगह 100 मीटर तक रह सकती है दृश्यता

imd-weather-report-1536x1024

उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने सोमवार, 23 नवंबर को अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज समेत प्रदेश के 21 जिलों में घना कोहरा छाए रहने का यलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में न्यूनतम दृश्यता 100 मीटर तक रह सकती है, जिससे सुबह के समय सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला कोहरा दिख सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलेगी। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का भी अनुमान जताया गया है।

इन 21 जिलों के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट

विभाग ने आज अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर और देवरिया में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

कोहरे के कारण सड़कों पर दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। वाहन चालकों को फॉग लाइट का इस्तेमाल करने, गति धीमी रखने और सुबह के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में सुबह के समय छिछला कोहरा रह सकता है, लेकिन दिन में धूप निकलने और लगभग 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। लखनऊ का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।

तापमान में गिरावट और 28 नवंबर तक का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 से 28 नवंबर के बीच प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम शुष्क रह सकता है और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं।

अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके अलावा अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है।