सपा-कांग्रेस बैठक से पहले टिकट की होड़ तेज, अजय राय, अजय लल्लू और बृजलाल खाबरी समेत ये नेता दावेदार
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस गठबंधन की बैठक होने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक से पहले ही कांग्रेस के भीतर टिकट के दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है और पार्टी में संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन शुरू हो गया है।
टिकट की दावेदारी पेश करने वालों में प्रदेश संगठन की कमान संभाल चुके नेताओं के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, बृजलाल खाबरी और अजय राय की दावेदारी को लेकर चर्चा तेज है।
तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की सीटें और दावेदारी
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय लल्लू ने 2022 का विधानसभा चुनाव तमकुहीराज सीट से लड़ा था। इस बार वे अपनी सीट बदलकर कुशीनगर की फाजिलनगर विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। वहीं, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी जालौन की उरई विधानसभा सीट से दावेदारी पेश कर रहे हैं।
अजय राय पिंडरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। वे 2012 में पिंडरा से विधायक रह चुके हैं, जबकि 2017 और 2022 के चुनाव में उन्हें बीजेपी के अवधेश सिंह से हार का सामना करना पड़ा था।
पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और संगठन के चेहरे भी कतार में
कांग्रेस के टिकट के दावेदारों में कई पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और संगठन के पदाधिकारी भी शामिल हैं:
-
गाजियाबाद: पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता और दो बार लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं डॉली शर्मा।
-
बिलासपुर (रामपुर): दो बार विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रह चुके संजय कपूर।
-
मथुरा और मांट: मथुरा से चार बार के विधायक और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता रहे प्रदीप माथुर, जबकि मांट से आठ बार के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री श्याम सुंदर शर्मा।
-
बीकेटी (लखनऊ): पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग में संगठन एवं समन्वय के संयोजक रह चुके लल्लन कुमार।
-
हरदोई और सीतापुर: हरदोई की बिलग्राम-मल्लावां सीट से प्रदेश महासचिव सुभाष पाल (जो 2022 में भी यहीं से लड़े थे) और संडीला से प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी प्रचार में जुटे हैं। सीतापुर की बिसवां सीट से राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता दावेदारी कर रही हैं।
सांसदों और पूर्व विधायकों ने बेटे-बेटियों के लिए मांगा टिकट
दावेदारों की सूची में पार्टी नेताओं के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। सीतापुर से सांसद राकेश राठौर के बेटे रत्नेश राठौर सीतापुर सदर सीट से टिकट मांग रहे हैं। गोंडा की गौरा सीट से पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह ने अपने बेटे डिंपल के लिए टिकट की दावेदारी की है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ सीट से पूर्व सांसद रवि वर्मा की बेटी पूर्वी वर्मा का नाम चर्चा में है।
पूर्वांचल से अवध तक कई अन्य सीटों पर भी मंथन
अन्य प्रमुख सीटों पर संभावित दावेदारों में बाराबंकी सदर से नईम सिद्दीकी, प्रयागराज उत्तर से अनुग्रह नारायण सिंह, महोबा की सुरक्षित सीट से गयादीन अनुरागी और वाराणसी कैंट से अनिल श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।
अमेठी की तिलोई सीट से पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और सुल्तानपुर की जयसिंहपुर सीट से पूर्व विधायक ओपी सिंह भी दावेदारी कर रहे हैं। गोरखपुर ग्रामीण से सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव और वरिष्ठ नेता अखिलेश प्रताप सिंह, हरैया से वीरेंद्र पांडेय उर्फ बबलू पांडेय और बलरामपुर की उतरौला सीट से धीरेंद्र प्रताप सिंह के नाम भी संभावित दावेदारों में सामने आए हैं।
प्रदेश स्तर पर सूची तैयार, केंद्रीय नेतृत्व लेगा अंतिम फैसला
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कई संभावित उम्मीदवार केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपना नाम दर्ज करवा चुके हैं और दिल्ली का दौरा भी कर चुके हैं। प्रदेश स्तर पर संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली गई है। सपा-कांग्रेस गठबंधन की बैठक के बाद उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे, जबकि टिकट पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
