कुलगाम एनकाउंटर: लश्कर के आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर लतीफ भट के खात्मे पर गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई, जवानों को किया सलाम
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ एक ऐतिहासिक और बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान में घाटी में मौजूद लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया है। इस बड़ी सफलता पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP), भारतीय सेना, सीआरपीएफ (CRPF) और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को बधाई दी है और उन्हें सलाम किया है।

गृहमंत्री अमित शाह का सोशल मीडिया पोस्ट
गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “JKP, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में आज (18 नवंबर 2026) तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी, लतीफ भट को मार गिराया गया।”
गृहमंत्री ने आगे जानकारी दी कि इस ऑपरेशन से ठीक एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक अन्य साथी आतंकवादी उमर निसार को भी ढेर कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस पूरे ऑपरेशन में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला और देश अपने वीर जवानों की बहादुरी को सलाम करता है।
CRPF के महानिदेशक ने दी बधाई
सुरक्षाबलों की इस बड़ी सफलता पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक (DG) जीपी सिंह ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी और जवानों को बधाई दी। उन्होंने अपने अंदाज में पोस्ट करते हुए लिखा, “बधाई हो दोस्तों। कुछ डिशेज ठंडी सर्व करने में सबसे अच्छी लगती हैं, ठंड के मौसम में भी।”
वीडियो कॉल और अपील के बाद भी नहीं माना आतंकी
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट को घेर लिया था। ऑपरेशन के दौरान सैन्य अधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वीडियो कॉल के जरिए लगातार उससे हथियार डालने और आत्मसमर्पण (Surrender) करने की अपील की थी। सेना के एक अधिकारी को यह कहते हुए भी सुना गया था कि “हम तुम्हारे साथ हैं,” लेकिन तमाम वार्निंग और अपीलों के बावजूद आतंकी ने सरेंडर करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया।
टीआरएफ (TRF) के नाम पर करता था हमले
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, मारा गया आतंकी लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) के नाम पर वारदातों को अंजाम देता था। उसे पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश मिलते थे। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI लतीफ भट की आड़ में कश्मीर घाटी में अपने लोकल नेटवर्क को दोबारा मजबूत करने की साजिश रच रही थी, जिसे सुरक्षाबलों ने इस ऑपरेशन को अंजाम देकर करारा झटका दिया है। अभियान के पहले दिन मारे गए उसके सहयोगी उमर निसार ने भी अखरान हमले में लतीफ की मदद की थी, जिसके सीसीटीवी फुटेज सुरक्षाबलों ने पहले ही जारी किए थे।
