यूपी में जारी हुई नई मतदाता सूची, 18.84 लाख वोटर्स बढ़े, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकते हैं नाम
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 (SSR-2027) की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का काम जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार, 17 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नई आलेख्य मतदाता सूची जारी की। इस सूची के मुताबिक, राज्य में कुल 18 लाख 84 हजार 113 नए मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यूपी में अब कितने वोटर्स?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या अब 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है।
-
पुरुष मतदाता: 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510
-
महिला मतदाता: 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353
-
तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता: 4,042
-
18-19 आयु वर्ग: 11 लाख 83 हजार 352
इस सूची में राज्य का जेंडर रेशियो (लिंगानुपात) 840 और ईपी रेशियो 55.95 दर्ज किया गया है।
10 अप्रैल से 17 नवंबर तक कितना आया बदलाव?
इससे करीब 7 महीने पहले, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में यूपी में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 वोटर्स थे। दोनों सूचियों की तुलना करने पर सामने आया है कि 221 दिनों के भीतर:
-
पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि हुई है।
-
महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 का बड़ा इजाफा हुआ है।
-
तृतीय लिंग के मतदाताओं में 164 की कमी आई है।
-
18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के वोटर्स में 5 लाख 80 हजार 8 की गिरावट दर्ज की गई है।
-
जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 हो गया है।
16 दिसंबर तक है नाम जुड़वाने का मौका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके लिए नागरिक फॉर्म-6, 7 और 8 के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा चुनाव आयोग 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित करेगा। आयोग का खास फोकस युवाओं और महिलाओं को वोटर लिस्ट में शामिल करने और सूची की शुद्धता बनाए रखने पर है।
