यूपी चुनाव 2027: अखिलेश यादव के साथ बैठक टलने पर कांग्रेस का बयान, इमरान मसूद ने बताई अंदर की बात
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच होने वाली सीट बंटवारे की बैठक मंगलवार को टल गई। चुनाव में कांग्रेस की तरफ से 181 सीटों की मांग रखी गई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इतनी बड़ी संख्या में सीटें देने को तैयार नहीं हैं, जिसके चलते बातचीत स्थगित हुई है। अब कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने सामने आकर इन अटकलों को खारिज किया है और बैठक टलने की असल वजह साझा की है।
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में हुई चर्चा
बैठक स्थगित होने का कारण बताते हुए इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि दोनों दलों के नेतृत्व के बीच लगातार संवाद जारी है। उन्होंने बताया, “कल सोनिया गांधी की किताब का जो विमोचन था, उसमें हमारे शीर्ष नेतृत्व और अखिलेश यादव की बात हुई थी।” मसूद के मुताबिक, इस बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कुछ चीजें बताई हैं। अब कांग्रेस उस आधार पर अपनी तैयारी कर रही है। यह ड्राफ्ट और तैयारी पूरी होने के बाद 2-3 दिन में दोबारा बैठक बुलाई जाएगी।
‘नाराजगी की कोई बात नहीं’
कांग्रेस की 181 सीटों की डिमांड को लेकर उठ रहे सवालों और सपा के साथ संभावित खींचतान की खबरों को इमरान मसूद ने पूरी तरह नकार दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या किसी नाराजगी की वजह से यह मीटिंग टाली गई है, तो उन्होंने कहा, “ऐसा बिल्कुल नहीं है। बातचीत पहले ही हो गई है।” उन्होंने दोहराया कि जो ड्राफ्ट डिस्कस हुआ है, उसे पूरा करने के लिए दो-तीन दिन का समय चाहिए, जिसके बाद आगे की रणनीति तय होगी।
बीजेपी के ‘मथुरा फोकस’ पर तंज
सीट शेयरिंग के अलावा इमरान मसूद ने यूपी की सत्ताधारी बीजेपी पर भी निशाना साधा। हाल ही में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि अब अयोध्या और मथुरा की बारी आ गई है, जिसे बीजेपी के नए चुनावी फोकस के तौर पर देखा जा रहा है।
इस बयान पर पलटवार करते हुए मसूद ने कहा, “अयोध्या में वो जीत तो पाते नहीं, उनकी बारी कहां से हो गई? भगवान राम उनसे नाराज हैं।” उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि ‘चंदा चोरी’ के कारण उन्हें भगवान राम का अभिशाप लगेगा।
