राहुल गांधी की पीएम मोदी को चुनौती: ‘मेरे साथ बहस के बाद वे प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे तौर पर आमने-सामने (वन-ऑन-वन) खुली बहस (Open Debate) की चुनौती दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए राहुल ने संसद में अपना माइक बंद किए जाने का आरोप लगाया और दावा किया कि अगर उनके साथ खुली बहस हुई, तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रह पाएंगे।
‘संसद में मेरा माइक बंद कर दिया जाता है’
इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने राहुल गांधी से पूछा था कि भाजपा उन्हें संसद में बहस करने के लिए कह रही है, इस पर उनका क्या जवाब है?
इस सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने संसद में कई बार बहस करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बोलने का मौका ही नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, “मैंने किसान बिल पर बात करने की कोशिश की, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया गया। मैंने एसआईआर (SIR) और चीन के मुद्दे पर बोलने की कोशिश की। मैंने जनरल नरवणे की किताब पर भी बहस करने के लिए कहा, लेकिन मुझे मौका नहीं दिया गया। कई मौकों पर मेरा माइक बंद कर दिया गया।”
‘अडानी और मोहन भागवत को भी जज बना सकती है भाजपा’
प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे पीएम मोदी के साथ किसी भी मंच पर ‘आमने-सामने’ की बहस के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने शर्त रखते हुए यहां तक कह दिया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस डिबेट के लिए अपनी पसंद का कोई भी जज (निर्णायक) चुन सकती है।
राहुल ने तंज कसते हुए कहा, “मैं वन-ऑन-वन डिबेट करना चाहता हूं। वे जज के रूप में किसी को भी रख सकते हैं। वे चाहें तो गौतम अडानी और आरएसएस (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को भी जज बना सकते हैं।”
‘बहस के बाद मोदी पीएम नहीं रह पाएंगे’
इस चुनौती के साथ राहुल गांधी ने एक बड़ा दावा भी किया। उन्होंने कहा, “मैं गारंटी के साथ कह रहा हूं कि मेरे साथ इस बहस के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।”
