अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास खेत में मिला संदिग्ध ‘DJI मैट्रिस 300’ ड्रोन, BSF ने किया जब्त; जांच में जुटीं एजेंसियां

pakistan

अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पास सुरक्षाबलों ने गुरुवार को एक संदिग्ध ड्रोन बरामद किया है। बॉर्डर इलाकों में हथियारों और अवैध सामान की तस्करी के बढ़ते मामलों के बीच इस बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। फिलहाल ड्रोन को आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है।

आधी रात को आसमान में दिखा संदिग्ध ड्रोन

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (12 नवंबर) की देर रात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की 101 बटालियन को BOP लालफमकिमा इलाके में FDP 57 और 58 के ऊपर एक ड्रोन मंडराता हुआ दिखाई दिया। इस ड्रोन में नीली और लाल रंग की बत्तियां जल-बुझ रही थीं। रात करीब 12:07 बजे ADS नंदपुर को इस संदिग्ध गतिविधि की सूचना दी गई, हालांकि उन्होंने बताया कि उन्हें अपने इलाके में कोई ड्रोन गतिविधि नजर नहीं आई।

सुबह के तलाशी अभियान में खेत से हुआ बरामद

रात में मिली सूचना के आधार पर BSF ने गुरुवार सुबह करीब 07:30 बजे BOP लालफमकिमा इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सुबह करीब 08:30 बजे सुरक्षाबलों को खेतों के बीच एक ‘DJI मैट्रिस 300’ (DJI Matrice 300) ड्रोन गिरा हुआ मिला। यह जगह अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 700-800 मीटर अंदर भारतीय सीमा की तरफ थी। बीएसएफ ने तुरंत ड्रोन को अपने कब्जे में लिया और सुबह लगभग 09:00 बजे इसे विस्तृत जांच के लिए फ्रंटियर मुख्यालय पालौरा भेज दिया।

उठ रहे हैं कई गंभीर सवाल

अंतरराष्ट्रीय सीमा के इतने करीब इस आधुनिक ड्रोन के मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह ड्रोन यहां तक कैसे पहुंचा और इसे भेजने के पीछे असली मकसद क्या था? एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन को कहां से उड़ाया गया था, इसका रूट क्या था और क्या इसके जरिए इलाके में कोई संदिग्ध खेप (हथियार या ड्रग्स) गिराई गई है।

पहले भी मिल चुके हैं ड्रोन

बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित चक मियां गांव के पास से एक संदिग्ध ड्रोन बरामद किया जा चुका है। सीमा पार से होने वाली घुसपैठ और तस्करी को रोकने के लिए सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं और लगातार निगरानी कर रहे हैं।