अखिलेश का बड़ा ऐलान: “UP में सरकार बनी तो राशन में सरसों का तेल भी देंगे, भाजपा का स्थायी सफाया तय”
समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से पहले एक बड़ा सियासी दांव चला है।
अखिलेश ने घोषणा की है कि अगर 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो लोगों को मुफ्त राशन (Free Ration) के साथ-साथ सरसों का तेल भी दिया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए केंद्र और राज्य की सत्ता पर काबिज भाजपा (BJP) पर तीखा हमला बोला है।
‘पीडीए सरकार बनेगी, सरसों का तेल देंगे’
कन्नौज से सपा सांसद अखिलेश यादव ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “कुछ महीनों बाद हम अपनी ‘पीडीए (PDA) सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे; जिससे किसी शोषित, वंचित व गरीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े।”
उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के उत्पीड़न से पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग इस बार भाजपा का स्थायी सफाया कर देंगे।
अयोध्या और लखनऊ की घटनाओं पर भाजपा को घेरा
अखिलेश ने अयोध्या में महिलाओं के साथ हुई कथित घटना को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “भाजपाइयों ने अयोध्या में तथाकथित नारी वंदन का जो हिंसक नजारा पेश किया है, वह वंदनीय नहीं बल्कि निंदनीय है। महिला आयोग (Women’s Commission) को संज्ञान लेकर इस भाजपाई और आयोजकों पर वैधानिक-दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।”
इसके अलावा, अखिलेश ने लखनऊ अग्निकांड का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा मृतक युवा की दुखी मां का सरेआम किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी। उन्होंने कहा, “भाजपा के लोग ‘नारी’ का सम्मान नहीं, अपमान ही करते हैं। मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता है। ये हारेंगे और बुरी तरह हारेंगे।”
‘जुमलों का गुब्बारा फूट गया, तेल की फिसलन पर है भाजपा’
सपा अध्यक्ष ने 2024 के लोकसभा चुनाव और हाल ही में 2026 में संपन्न हुए विधान परिषद चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि इन चुनावों में भाजपा की हार ने यह साबित कर दिया है कि अब जनता के बीच इनके जुमलों का गुब्बारा फूट चुका है।
अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा तेल की फिसलन की ढलान पर है और जनता अब इनको हमेशा के लिए हराने के ‘मूड’ में है।” उन्होंने दावा किया कि जनता के इसी आक्रोश से डरकर भाजपा से जुड़ा हर राजनीतिक व्यक्ति या तो राजनीति छोड़ रहा है या दूसरी पार्टियों में अपनी जगह तलाश रहा है।
अखिलेश ने अपनी पोस्ट का अंत करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव “महिला-युवा बनाम बीजेपी” होगा।
