‘किसानों को गाली दे रहे राहुल, यूट्यूबर्स की तरह फैला रहे भ्रम’: पेट्रोल में एथनॉल मिलावट के आरोपों पर BJP का पलटवार

rahul-gandhi-5

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल में एथनॉल (Ethanol) की तय सीमा से ज्यादा मिलावट को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी के इन आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता भी आक्रामक हो गए हैं और उन्होंने कांग्रेस सांसद पर तीखा पलटवार किया है।

राहुल गांधी का आरोप- ‘सरकार लोगों से झूठ बोल रही है’

राहुल गांधी ने कर्नाटक में हुई एक जांच का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में पेट्रोल में एथनॉल की मिलावट 20 फीसदी की तय सीमा से काफी ज्यादा, यानी लगभग 31 फीसदी तक पाई गई है। इस आंकड़े के आधार पर राहुल गांधी ने केंद्र पर देश की जनता से झूठ बोलने और धोखा देने का आरोप लगाया।

निशिकांत दुबे का तंज: ‘हे प्रभु जगन्नाथ, भटके हुए को रास्ता दिखाएं’

राहुल गांधी के इन आरोपों पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “हे प्रभु जगन्नाथ, भटके हुए को रास्ता दिखाएं।”

दुबे ने यूपीए (UPA) सरकार के दौरान 2011 में बने एक कानून का जिक्र करते हुए राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने लिखा, “राज्य में मिलावट रोकने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की होती है। इससे संबंधित कानून आपकी (कांग्रेस) सरकार ने ही बनाया था। अब कर्नाटक में (जहां कांग्रेस की सरकार है) अपने ही मुख्यमंत्री के ऊपर कार्रवाई करने के बजाय आप ट्वीट कर रहे हैं।”

शाहनवाज हुसैन: ‘यूट्यूबर्स की तरह भ्रम फैला रहे हैं राहुल’

बीजेपी के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने भी राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी एथनॉल को लेकर बिल्कुल यूट्यूबर्स की तरह भ्रम फैला रहे हैं। वह बिना रिसर्च किए ऐसी बातें करते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

हुसैन ने एथनॉल को सीधे किसानों से जोड़ते हुए कहा, “पूरी दुनिया में एथनॉल का प्रयोग हो रहा है। किसान जो अन्न पैदा करते हैं, उसी से एथनॉल बनता है। ऐसे बयान देकर राहुल गांधी असल में इस देश के किसानों को गाली दे रहे हैं।”

ईवीएम और कांग्रेस की हार पर भी निशाना

शाहनवाज हुसैन यहीं नहीं रुके। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा अक्सर लगाए जाने वाले ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि देश में वोट और अधिकार, दोनों कांग्रेस ही चोरी करती थी।

हुसैन ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर तंज कसते हुए कहा, “जब कांग्रेस चुनाव जीत जाती है तो उनके लिए EVM बहुत अच्छा हो जाता है, लेकिन हारते ही वे उस पर सवाल उठाने लगते हैं। रामलीला मैदान में इनकी रैली फ्लॉप हो गई, उसके बाद से ये लगातार मुद्दे बदल रहे हैं। अब ये एथनॉल पर आ गए हैं, हम इसका भी जवाब देंगे।”