12 दिसंबर को सपरिवार रामलला के दर पहुंचेंगे अखिलेश यादव, BJP बोली- ‘हुजूर आते-आते बहुत देर कर दी’
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जल्द ही रामनगरी अयोध्या आने वाले हैं। सपा नेता पवन पांडे ने छोटी दीपावली के मौके पर ऐलान किया है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर (शनिवार) को अपनी पत्नी डिंपल यादव और बच्चों के साथ अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वे सपरिवार श्री रामलला के दर्शन करेंगे।
पवन पांडे को सौंपी थी तारीख तय करने की जिम्मेदारी
दरअसल, कुछ समय पहले अपने अयोध्या दौरे के दौरान ही अखिलेश यादव ने स्थानीय सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय को यह जिम्मेदारी सौंपी थी कि वे उनके राम मंदिर जाने की एक उपयुक्त तारीख तय करें।
पवन पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर सबसे पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे और उसके बाद श्री राम जन्मभूमि जाकर रामलला के सामने शीश नवाएंगे। इसके साथ ही वह अयोध्या के पूज्य संतों से आशीर्वाद लेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे। पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव के इस दौरे को लेकर स्थानीय सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
बीजेपी ने साधा निशाना, गिनाए पुराने बयान
अखिलेश यादव के सपरिवार रामलला के दर्शन करने की खबर सामने आते ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता राकेश त्रिपाठी ने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा, “बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते।”
राकेश त्रिपाठी ने सपा की पिछली सरकारों और बयानों का जिक्र करते हुए कहा, “जो राम भक्तों पर गोली चलाने को उपलब्धि बताते रहे हैं और बाबरी तामीर कराने की कसमें खाते रहे हैं, वो अब अयोध्या जा रहे हैं। अगर शुद्ध मन से जाते तो यात्रा सफल भी होती।”
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि अगर अखिलेश यादव केवल आने वाले चुनावों को देखते हुए और राजनीतिक फायदे के लिए मंदिर जाने की कोशिश कर रहे हैं, तो इससे उन्हें कोई लाभ नहीं होने वाला है। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि “भगवान राम उनके पापों के लिए उन्हें क्षमा नहीं करने वाले हैं।”
