‘मां, मुझे आप पर गर्व है’: सोनिया गांधी के इंटरव्यू पर राहुल गांधी का भावुक पोस्ट, किताब में खुलेंगे राजीव संग प्रेम कहानी के राज
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आने वाली किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर दिए गए उनके एक इंटरव्यू पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भावुक प्रतिक्रिया दी है।
अंग्रेजी अखबार ‘द हिंदू’ को दिए इस इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, जीवन के मूल्यों, परिवार और देश के राजनीतिक हालात पर खुलकर बात की है। इस इंटरव्यू के अंशों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा करते हुए राहुल गांधी ने अपनी मां के प्रति गर्व और सम्मान जाहिर किया है।
’60 साल बाद भी आप वही इंसान हैं…’
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में सोनिया गांधी की तारीफ करते हुए लिखा, “60 साल सार्वजनिक जीवन में रहने के बाद भी आप वही इंसान हैं। मां, मुझे आप पर गर्व है।”
उन्होंने इंटरव्यू के उस हिस्से को भी साझा किया जिसमें सोनिया गांधी ने कहा था: “बचपन में सीखे गए मूल्य आज भी मेरे भीतर कायम हैं। मैंने उन मूल्यों के प्रति सच्चा बने रहने की पूरी कोशिश की है… परिवार और दोस्तों के प्रति वफादारी, ईमानदारी, दूसरों के प्रति संवेदनशीलता और अपने कर्तव्यों व जिम्मेदारियों को निभाने की भावना। मैं कह सकती हूं कि मैं आज भी वही इंसान हूं, जिससे राजीव 60 साल पहले मिले थे।”
मौजूदा राजनीतिक हालात और कांग्रेस के भविष्य पर बेबाक राय
इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने देश की वर्तमान स्थिति और कांग्रेस के भविष्य को लेकर कई अहम बातें कहीं:
संस्थाओं को नुकसान का आरोप:
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शासनकाल में देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संस्थाओं और सामाजिक ताने-बाने को काफी नुकसान पहुंचा है। उनके मुताबिक, मौजूदा सरकार के जाने के बाद भी इन संस्थाओं को वापस स्वस्थ स्थिति में लाने में समय लगेगा।
विपक्ष को समान अवसर नहीं:
कांग्रेस के कमजोर होने के सवाल पर उन्होंने निराशा जताने से इनकार किया। सोनिया गांधी का आरोप है कि मौजूदा सरकार का चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं और मुख्यधारा की मीडिया पर नियंत्रण है। इसके अलावा राजनीति में धनबल और धर्म के इस्तेमाल के चलते कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को ‘समान अवसर’ (level playing field) नहीं मिल रहे हैं।
भविष्य को लेकर उम्मीद:
हालिया चुनावों में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि लोग अब इस नुकसान को समझने लगे हैं। सोनिया गांधी ने उम्मीद जताई कि समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर काम कर रही कांग्रेस के आगे बढ़ने की संभावनाएं दिन-ब-दिन बेहतर हो रही हैं।
‘Belonging: A Journey of Love’ में क्या होगा खास?
हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित की जा रही यह किताब सोनिया गांधी का एक निजी संस्मरण (memoir) है। इस किताब में राजनीति केवल एक पृष्ठभूमि के रूप में है, जबकि इसका मुख्य केंद्र राजीव गांधी और सोनिया गांधी की प्रेम कहानी है।
किताब में विस्तार से बताया गया है कि कैसे यह प्रेम कहानी आगे बढ़ी, जिसने सोनिया को राजीव के परिवार से जोड़ा। पाठकों को यह जानने का मौका मिलेगा कि कैसे वह न चाहते हुए भी सार्वजनिक जीवन और राजनीति का हिस्सा बनीं और आगे चलकर देश की प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शुमार हुईं।
