डॉन अनंत सिंह 400 KM का सफर तय कर क्यों आ रहे प्रयागराज? जानें पप्पू सलमान से दोस्ती की कहानी

Anant Singh Prayagraj Visit and Pappu Salmanp Friendshi

मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपने पुराने दोस्त सलमान अहमद उर्फ पप्पू सलमान के बेटे के दावत-ए-वलीमा में शामिल होने के लिए पटना से प्रयागराज पहुंच रहे हैं। करीब 400 किलोमीटर की इस यात्रा के लिए वह कारों के काफिले के साथ सड़क मार्ग से निकले हैं। रास्ते में चंदौली, वाराणसी और औराई समेत कई जगहों पर उनके स्वागत का कार्यक्रम रखा गया है। अनंत सिंह के प्रयागराज आने की वजह उनके और पप्पू सलमान के बीच करीब तीन दशक पुरानी दोस्ती है।

कौन है पप्पू सलमान?

पप्पू सलमान समाजवादी पार्टी के स्थापना काल से जुड़े हैं। पार्टी संगठन में वह प्रयागराज के गंगापार जिला उपाध्यक्ष हैं। उनका पूरा नाम सलमान अहमद है और स्थानीय स्तर पर उन्हें पप्पू मलावां के नाम से भी जाना जाता है। अनंत सिंह उन्हें पप्पू सलमान कहकर बुलाते हैं। पप्पू सलमान के बेटे एहराज का निकाह बहराइच में हुआ था। शुक्रवार को उसी का दावत-ए-वलीमा है, जिसमें शामिल होने के लिए अनंत सिंह प्रयागराज आ रहे हैं।

सपा नेता जवाहर पंडित से रहा है ये नाता 

पप्पू सलमान की सपा नेता जवाहर यादव उर्फ जवाहर पंडित से भी नजदीकी रही है। वर्ष 1996 में जवाहर यादव की हत्या हुई थी। उस समय वह प्रयागराज की झूंसी विधानसभा सीट से सपा विधायक थे। हत्या के मामले में भाजपा से जुड़े करवरिया बंधुओं को सजा हुई थी। जवाहर यादव और करवरिया परिवार के बीच बालू के कारोबार को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। बाद में करवरिया परिवार के कपिल मुनि सांसद और उदय भान विधायक बने। जवाहर यादव की पत्नी विजमा यादव फिलहाल विधायक हैं। हालांकि, पप्पू सलमान का अनंत सिंह से जुड़ाव राजनीतिक गतिविधियों के बजाय निजी दोस्ती से रहा है। उन्होंने अब तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है।

घोड़ों के शौक की वजह से हुई पहली मुलाकात 

अनंत सिंह और पप्पू सलमान की पहली मुलाकात घोड़ों के शौक की वजह से हुई थी। आरा के जय कुमार सिंह ने दोनों की मुलाकात कराई थी। अनंत सिंह घोड़े पालने और उनकी रेस में रुचि रखते हैं। पप्पू सलमान का भी यही शौक है। इसी के चलते दोनों की दोस्ती हुई, जो करीब तीन दशक से कायम है। दोनों एक-दूसरे के घर पारिवारिक खुशी और गम के मौकों पर आते-जाते रहे हैं। बताया जाता है कि जब पप्पू सलमान की अनंत सिंह से दोस्ती हुई थी, तब उनकी शादी भी नहीं हुई थी।

कई रेस जीत चुका है लाडला

पप्पू सलमान के पास चार घोड़े हैं। इनमें सबसे महंगे घोड़े की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जाती है। वहीं, अनंत सिंह के अस्तबल में करीब आठ से नौ घोड़े हैं। उनके चर्चित घोड़े का नाम लाडला है, जो उत्तर प्रदेश और बिहार में कई रेस जीत चुका है।

बीएचयू जाने की भी योजना

अनंत सिंह ने शाम पांच बजे तक प्रयागराज पहुंचने की योजना बनाई थी, लेकिन उनका काफिला तय समय से दो घंटे से ज्यादा की देरी से मोहनिया पहुंचा। रास्ते में अलग-अलग जगहों पर स्वागत कार्यक्रम होने के कारण उनके रात आठ से नौ बजे या उसके बाद प्रयागराज पहुंचने की संभावना है। उनकी वाराणसी में बीएचयू जाने और वहां महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने की भी योजना है।

प्रयागराज में दावत-ए-वलीमा में शामिल होने के दौरान अनंत सिंह अपने दोस्त पप्पू सलमान को छोटी बेटी शिवांगी की शादी का निमंत्रण भी देंगे। शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है।