ओमान तट के पास भारतीय मालवाहक जहाज पर हवाई हमला, 1 नाविक की मौत
ओमान के तट के पास समुद्री मार्ग से गुजर रहे भारत के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर सोमवार को एक अज्ञात हवाई वस्तु से हमला किया गया। इस जानलेवा हमले में गुजरात के रहने वाले एक भारतीय नाविक की मौत हो गई है, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य भारतीय नाविकों को ओमान तटरक्षक बल (Oman Coast Guard) की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया है। केंद्रीय जहाजरानी (शिपिंग) मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की।
जहाज ‘एमएसवी अल जुसुफी’ पर कुल 14 नाविक थे सवार
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय मालवाहक जहाज ‘एमएसवी अल जुसुफी’ (MSV Al Jusufi) ओमान के समुद्री इलाके से गुजर रहा था। उस वक्त जहाज पर कुल 14 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे। इसी दौरान समुद्र के बीचों-बीच किसी अज्ञात हवाई वस्तु (प्रोजेक्टाइल या ड्रोन) ने जहाज को निशाना बनाया।
हमले के तुरंत बाद जहाज पर मौजूद 13 नाविकों ने सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद ओमान के तटरक्षक बल ने समय रहते उन्हें रेस्क्यू कर लिया।
गुजरात के गंधार नाहीम अजीज की गई जान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस हवाई हमले में घायल हुए एक नाविक को नहीं बचाया जा सका और उसने दम तोड़ दिया। जान गंवाने वाले नाविक की पहचान गंधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुजरात के रहने वाले थे। राहत की बात यह है कि घटना में बाकी 13 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जहाज पर हमला करने वाली हवाई वस्तु क्या थी और इस हमले के पीछे किस संगठन या देश का हाथ है। मामले की जांच और हमले के कारणों को लेकर एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं।
