‘हर दीये से किसी कुम्हार के घर आती है खुशहाली’, अयोध्या दीपोत्सव पर CM योगी ने आस्था के साथ आर्थिकी का दिया संदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को लेकर कहा है कि यह आयोजन केवल आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश के किसानों, कुम्हारों और कामगारों को बड़ा आर्थिक लाभ भी पहुंचता है। उनका कहना है कि दीपोत्सव स्थानीय लोगों की आजीविका को एक नया आयाम दे रहा है।
‘2017 से पहले नहीं थी ऐसी सोच’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या धाम में प्रज्वलित होने वाला हर दीपक किसी कुम्हार के श्रम, किसी किसान की उपज और किसी परिवार की आजीविका को नया प्रकाश देता है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए लिखा, “वर्ष 2017 के पहले अयोध्या में ये प्रकाश नहीं था। राम नगरी की अपार सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने की कोई पहल नहीं हुई थी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आस्था के सामर्थ्य को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का पूरी तरह से अभाव था, जिसे ‘डबल इंजन’ की सरकार ने दूर किया है।
प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन का जिक्र
अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “पीएम मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में लाखों दीपों से आलोकित होने वाला भव्य दीपोत्सव आज कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम एवं कारोबार के नए अवसर सृजित कर रहा है। जिस दीये से राम नगरी जगमगाती है, उसी से किसी श्रमशील परिवार के घर में खुशहाली की उम्मीद भी जागती है।”
प्रदेशवासियों से खास अपील
सीएम योगी ने एक विशेष संदेश (पाती) के जरिए सभी प्रदेशवासियों से अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या दीपोत्सव में शामिल होने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देते हुए कहा कि अगर आस-पड़ोस में कोई वंचित परिवार है, तो लोग अपने सामर्थ्य के अनुसार उनकी मदद करें ताकि उनकी दीपावली भी आलोकित हो सके।
