उत्तर प्रदेश चुनाव: बीजेपी ने कसी कमर, पीएम मोदी और अमित शाह संभालेंगे चुनावी कमान

pm modi

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना पूरा चुनावी रोडमैप तैयार कर लिया है। गृहमंत्री अमित शाह की कार्यकारिणी बैठक के बाद अब पार्टी संगठन को पूरी तरह से चुनावी मैदान में उतारने जा रही है। रणनीति के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश की सभी 18 कमिश्नरियों में रैलियां करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह क्षेत्रवार सभाओं और बूथ सम्मेलनों के जरिए चुनावी माहौल तैयार करेंगे।

हाल ही में लखनऊ स्थित बीजेपी मुख्यालय में चुनावी तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक हुई। राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की मौजूदगी में हुई इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रभारियों और जिलाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। रणनीति बनी है कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और संगठन के पदाधिकारी प्रदेश भर में चुनावी सभाएं करेंगे।

हर 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता तैनात

बीजेपी ने जमीनी स्तर पर मतदाताओं से सीधे संपर्क के लिए माइक्रो-मैनेजमेंट का खाका खींचा है। पार्टी ने हर 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय की है। यह कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी देंगे। इसका मकसद हर वर्ग, जाति और समुदाय के लोगों को सीधे पार्टी से जोड़ना है।

चुनाव प्रबंधन को धार देने के लिए जिला स्तर पर समन्वय टोलियां बनाई जाएंगी। विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी प्रभारियों की तैनाती की जा रही है और चुनाव संचालन समितियों का गठन भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

1918 मंडलों में रात्रि प्रवास करेंगे कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा है। पूरे प्रदेश के सभी 1918 मंडलों में प्रवास के लिए मजबूत टीमें तैयार की जाएंगी। कार्यकर्ता अपने तय क्षेत्रों में रात्रि प्रवास करेंगे और ग्रामसभा स्तर पर चौपाल व जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

पार्टी ने मतदाता सूची के सत्यापन और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है। अभियान के तहत नए मतदाताओं और युवाओं के वोट बनवाने पर विशेष फोकस किया जाएगा।

‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा और डिजिटल कैंपेन

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि तीन नवंबर से प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्राएं निकाली जाएंगी। संगठन ने प्रत्येक पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य तय किया है।

जमीनी प्रचार के साथ-साथ पार्टी सोशल मीडिया पर भी अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। नेतृत्व ने जिलाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर केवल अपनी तस्वीरें साझा करने के बजाय पार्टी के मुद्दों और संगठन की गतिविधियों को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाएं।