राहुल-प्रियंका के बीच मतभेद का दावा: बीजेपी बोली- रामलीला मैदान रैली में प्रियंका गांधी का हुआ ‘वोट चोरी’

rahul

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को लेकर एक बड़ा राजनीतिक दावा किया है। बीजेपी का कहना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच अंदरूनी मतभेद चल रहे हैं और दोनों अलग-अलग खेमों में बंट गए हैं। पार्टी का आरोप है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई इंडिया गठबंधन की रैली के दौरान सोची-समझी रणनीति के तहत प्रियंका गांधी को बोलने नहीं दिया गया, क्योंकि राहुल गांधी को डर है कि उनकी बहन के आगे बढ़ने से वे खुद पार्टी में हाशिये पर चले जाएंगे।

संबित पात्रा का तंज- प्रियंका गांधी का ‘वोट चोरी’ हो गया

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मैसेज जारी कर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के भीतर ही प्रियंका गांधी का ‘वोट चोरी हो गया है’। पात्रा ने दावा किया कि प्रियंका हाल ही में आयोजित ‘मॉक पार्लियामेंट’ (प्रतीकात्मक संसद) और रामलीला मैदान की रैली दोनों ही जगहों पर काफी नाखुश नजर आईं।

संबित पात्रा ने अपने बयान में कहा, “कल कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रतीकात्मक संसद का आयोजन किया था। मैंने इस दौरान गौर किया कि राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका वाड्रा को बोलने का मौका नहीं दिया।” उन्होंने आगे कहा कि उस कार्यक्रम में सांसदों के अलावा अन्य लोगों को भी अपनी बात रखने का अवसर मिला था, लेकिन आज रामलीला मैदान की रैली में भी सभी नेताओं ने विचार रखे जबकि प्रियंका को एक बार फिर वंचित रखा गया।

विपक्षी गठबंधन का जन महाभियोग और विरोध प्रदर्शन

गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से ‘जन महाभियोग’ चलाया था। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि निर्वाचन आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है, जिससे नागरिकों का मतदान का अधिकार खतरे में पड़ गया है। इसी सिलसिले में कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया था, जिस पर अब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।