अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की दी मंजूरी, जानें कौन उठाएगा खर्च
अमेरिका ने बढ़ते रूसी हवाई हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर (करीब 17 हजार करोड़ रुपये) की 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। यह अहम फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब यूक्रेन ने हाल ही में शिकायत की थी कि पिछले कुछ महीनों में हथियारों की डिलीवरी में काफी देरी हो रही है।
कौन उठाएगा 2.1 अरब डॉलर का खर्च?
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इन आधुनिक PAC-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों की खरीद में अमेरिका का अपना कोई फंड शामिल नहीं है। इस पूरी खरीद का भुगतान ‘जंपस्टार्ट’ प्रोग्राम के तहत कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे से मिले डोनेशन और यूरोपीय यूनियन के ‘यूक्रेन सपोर्ट लोन’ से फाइनेंस किए गए राष्ट्रीय फंड के जरिए किया जाएगा। इस रक्षा डील की मुख्य कॉन्ट्रैक्टर अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन (Lockheed Martin) होगी।
पैट्रियट मिसाइल की अहमियत और जेलेंस्की की अपील
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लगातार अमेरिका से पैट्रियट मिसाइलों की डिलीवरी तेज करने की अपील कर रहे थे। दरअसल, युद्ध के मैदान में रूस की घातक बैलिस्टिक मिसाइलों को आसमान में ही मार गिराने के लिए पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम को ही एकमात्र सबसे असरदार और अचूक हथियार माना जाता है।
ट्रंप और जेलेंस्की के बीच तनातनी के बीच आया फैसला
हथियारों की बिक्री का यह बड़ा कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल ही में भारी तनातनी देखने को मिली थी। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने हाल ही में एक कड़ा बयान देते हुए कहा था कि रूस के साथ युद्ध खत्म करने की कोशिश के लिए अब वक्त आ गया है कि यूक्रेन को एक नया नेता मिले।
