Punjab Assembly Election 2027: आम आदमी पार्टी (AAP) आज जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली सूची

bhagwant-maan

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य की सत्ता पर काबिज ‘आप’ आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पहली सूची में सरकार के मौजूदा मंत्रियों और अनुभवी विधायकों के नाम शामिल हो सकते हैं, लेकिन कई सीटों पर चेहरे बदले जाने की भी संभावना है।

दो बार के विधायकों का नहीं कटेगा टिकट!

हाल ही में चंडीगढ़ में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक के बाद पार्टी में यह सहमति बनी है कि जो नेता लगातार दो बार से विधायक चुने गए हैं, उनके टिकट नहीं काटे जाएंगे। इसके साथ ही एक बड़ा फैसला लेते हुए AAP ने अब हर सीट पर दो बार अपना उम्मीदवार खड़ा करने की रणनीति अपनाई है।

100 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री भगवंत मान के मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीती थीं, और इस बार उनका लक्ष्य 100 से ज्यादा सीटें जीतने का है। इस बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी ने मौजूदा सभी विधायकों का सर्वे कराया है।

इस सर्वेक्षण में विधायकों का जनता से जुड़ाव, उनके काम, उनका व्यवहार और उन्हें दोबारा मौका मिलना चाहिए या नहीं, जैसे कई अहम बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की गई है। खास बात यह है कि यह सर्वे दो स्तरों पर हुआ है—एक पार्टी ने खुद किया है और दूसरा एक प्राइवेट एजेंसी से करवाया गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही मीटिंग में टिकट काटने या बरकरार रखने पर चर्चा हुई है। हालांकि, किन-किन विधायकों के टिकट कटे हैं, इसका खुलासा सूची जारी होने के बाद ही होगा।

हल्का प्रभारियों की नई तैनाती

चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की दिशा में आम आदमी पार्टी ने पंजाब के कई हलकों में प्रभारियों को भी बदल दिया है। नए प्रभारियों की तैनाती को सीधे तौर पर पार्टी की चुनावी रणनीति और जमीन पर पकड़ मजबूत करने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।

विकास और केजरीवाल-मान के चेहरे पर लड़ा जाएगा चुनाव

पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी चुनाव मुख्य रूप से पंजाब के विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ही चुनाव में मुख्य चेहरा होंगे।

उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पार्टी अपना चुनावी घोषणापत्र भी जारी कर सकती है। इसमें पिछले पांच साल में मान सरकार द्वारा किए गए कामों का लेखा-जोखा होगा और आगे के विजन को लेकर जनता के बीच जाने की रूपरेखा पेश की जाएगी।