‘छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ…’, दिलजीत के कॉन्सर्ट में भड़कने के बाद CJP अध्यक्ष ने बढ़ाया दोस्ती का हाथ

abhijeet

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट में दिए गए बयान के बाद अब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के अध्यक्ष अभिजीत दिपके का रिएक्शन सामने आया है। शुक्रवार को अपने कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने मंच से CJP की पुरानी आलोचनाओं पर तीखा पलटवार किया था। इसके जवाब में अब सीजेपी अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखकर इस विवाद को खत्म करने का प्रस्ताव रखा है।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, यह पूरा मामला जून महीने में हुए छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा है। उस समय दिलजीत दोसांझ ने इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट राय नहीं दी थी और केवल इतना कहा था कि “मैं बस एक आर्टिस्ट हूं।” दिलजीत की इस चुप्पी और गोलमोल जवाब के लिए CJP और उसके अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने उनकी कड़ी आलोचना की थी।

इसी आलोचना और ट्रोलिंग का जवाब देते हुए शुक्रवार को दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत ने मंच से अप्रत्यक्ष तौर पर CJP पर निशाना साधा। सिंगर ने भड़कते हुए कहा था, “मैं आप सभी से प्यार करता हूं क्योंकि मैं एक कलाकार हूं। मैं चुप हूं, तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सभी का सपोर्ट करता हूं, लेकिन पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि लड़ते कैसे हैं।”

अभिजीत दिपके ने बताई आलोचना की वजह

दिलजीत के इस बयान के बाद शुक्रवार देर रात अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया। उन्होंने बताया कि जून में दिलजीत की आलोचना क्यों की गई थी। दिपके ने लिखा, “पाजी, जून में जब हम विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपके कमेंट से मुझे थोड़ी ठेस पहुंची थी। ऐसा इसलिए नहीं कि मुझे आपसे पर्सनली कोई दिक्कत थी, बल्कि इसलिए क्योंकि मैंने हमेशा आपको एक ऐसे इंसान के रूप में देखा है जो किसी मुद्दे के सपोर्ट में आवाज उठाता है।”

‘मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं’

अपनी पोस्ट में सीजेपी अध्यक्ष ने शिकागो में हुए दिलजीत के कॉन्सर्ट की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए खुद को उनका फैन बताया। दिपके ने लिखा, “सच कहूं तो, मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है। मैं आज भी आपका म्यूजिक सुनता हूं। इस साल मई में भारत लौटने से ठीक पहले मैं आपके शिकागो कॉन्सर्ट में गया था।”

दिपके ने दिलजीत की तारीफ करते हुए कहा कि उनके साहस, सच्चाई और भारत को ग्लोबल मंच पर ले जाने की कला का वह हमेशा सम्मान करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक असहमति के कारण उनके मन में दिलजीत के लिए सम्मान कम नहीं हुआ है।

‘गबरू ता वैरी नू वी मीठा बोलदा…’

नोट के अंत में अभिजीत दिपके ने पंजाबी स्टाइल में विवाद को सुलझाने की पेशकश की। खुद को दिलजीत का ‘छोटा भाई’ बताते हुए उन्होंने लिखा, “बाकी पाजी, छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ (बात को यहीं खत्म करें)।” इसके बाद उन्होंने दिलजीत के ही हिट गाने ‘GOAT’ की एक लाइन लिखकर अपनी बात खत्म की, “और आखिर में मैं बस इतना कहना चाहूंगा, ‘गबरू ता वैरी नू वी मीठा बोलदा, नी तू ता फेर जट्ट दा प्यार गोरिये।”