पटना शिक्षक सीट पर RJD ने ढहाया BJP का 3 दशक पुराना किला, तिरहुत में निर्दलीय प्रत्याशी दे रहा JDU को मात

samrat

बिहार विधान परिषद (Bihar MLC Election 2026) की सीटों के लिए मतगणना जारी है और कुछ चौंकाने वाले रुझान व परिणाम सामने आ रहे हैं। सबसे बड़ा उलटफेर पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां आरजेडी (RJD) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का 1996 से चला आ रहा पुराना किला ढहा दिया है। वहीं, तिरहुत स्नातक सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार जेडीयू (JDU) और आरजेडी दोनों को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बनाए हुए है। कोसी और पटना स्नातक सीट पर भी कड़ा मुकाबला जारी है।

पटना शिक्षक सीट पर RJD का ऐतिहासिक उलटफेर

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार सिंह ने बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा के नवल किशोर यादव को 800 से अधिक वोटों से हरा दिया है। हालांकि, जीत की औपचारिक घोषणा होनी अभी बाकी है। खास बात यह है कि नवल किशोर यादव 1996 (पिछले 36 साल) से लगातार इस सीट पर काबिज थे और यह भाजपा की परंपरागत सीट मानी जाती थी।

जीत के बाद RJD उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने कहा, “सरकार हताश थी और आज मतगणना हॉल में भी काफी हंगामा हुआ, लेकिन हम भी हर तरह से मुकाबला करने के लिए तैयार थे। मैंने शिक्षकों से जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करूंगा।”

तिरहुत स्नातक सीट: जेडीयू को झटका, निर्दलीय आगे

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सत्ताधारी जेडीयू को तगड़ा झटका लगता दिख रहा है। 9वें राउंड की गिनती के बाद निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी 22,023 वोटों के साथ लगातार आगे चल रहे हैं। वहीं, जेडीयू (NDA) के अभिषेक झा 18,596 मतों के साथ दूसरे और आरजेडी की रश्मी विनायक गौतम 13,076 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गई हैं।

पटना स्नातक सीट: नीरज कुमार की जीत तय, अनंत सिंह पर कसा तंज

पटना स्नातक सीट पर जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत पक्की हो गई है और सिर्फ औपचारिक ऐलान का इंतजार है। जीत के जश्न के बीच नीरज कुमार ने विधायक अनंत सिंह पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा, “जो खुद जमानत पर है वो जमानत जब्त की बात कर रहे हैं। जो मिठाई विरोधियों ने बनाई, उसमें नमक था।” नीरज ने अनंत सिंह के अंदाज में ही तंज कसते हुए कहा, ‘ए गुंजन मिठाईया ले जाओ।’ उन्होंने इस जीत का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कार्यकर्ताओं को दिया है।

कोसी स्नातक सीट: भाजपा की मजबूत बढ़त

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रथम वरीयता (फर्स्ट प्रेफरेंस) के वोटों की गिनती पूरी हो गई है और अब द्वितीय वरीयता की गिनती चल रही है। यहां भाजपा (BJP) के उम्मीदवार एन.के. यादव करीब 5,500 वोटों से आगे चल रहे हैं। प्रथम वरीयता की गिनती के बाद एन.के. यादव को 24,258 वोट, आरजेडी के नीतीश यादव को 18,918 वोट और प्रशांत किशोर की ‘जनसुराज पार्टी’ के रजनीश रंजन को 15,536 वोट मिले हैं।