जन सुराज के अनुज की हार पर बोले अनंत सिंह- ‘जनता मालिक है, जिसे वोट दिया वो जीता’
बिहार विधान परिषद (Bihar MLC Election 2026) की पटना स्नातक सीट के चुनावी नतीजे सामने आ चुके हैं। इस बहुचर्चित सीट पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रत्याशी नीरज कुमार ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने प्रशांत किशोर की ‘जन सुराज’ पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार को करारी शिकस्त दी है। जन सुराज के प्रत्याशी की हार के बाद मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
‘जनता मालिक है, जो जीता वो जीता’
पटना स्नातक सीट के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने हार स्वीकार की। उन्होंने कहा, “गिनती खत्म हो गई है। जनता मालिक है। जिसको वोट दिया वो जीता, जिसको नहीं दिया वो हारा।”
जेडीयू से निष्कासन के सवाल पर अनंत सिंह ने किसी भी तरह की नाराजगी से इनकार किया। उन्होंने स्पष्ट किया, “पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है… पार्टी मालिक है। नीरज कुमार जीत गए, हम हार गए… अब कहना क्या है…”
‘एक हाथ से ताली नहीं बजती’
नीरज कुमार के साथ अपनी बयानबाजी पर अनंत सिंह ने कहा कि अगर नीरज उनके खिलाफ कुछ कहेंगे तो वे भी जवाब देंगे। मोकामा विधायक ने कहा, “नीरज के खिलाफ कोई मना भी करेगा तो हम बोलेंगे। वो बोलेगा तो हम जवाब देंगे, वो नहीं बोलेगा तो हम भी जवाब नहीं देंगे। एक हाथ से तो ताली नहीं बजेगी, दोनों हाथ से ही बजेगी।”
‘नीतीश जी का सम्मान करते हैं, मिलने की कोशिश करेंगे’
अनंत सिंह ने नीरज कुमार से अपनी पुरानी नाराजगी का कारण भी साझा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दुलारचंद यादव वाले केस को नीरज कुमार ने दिल्ली तक पहुंचाया था, जिसके कारण उनके बीच खटास पैदा हुई।
हालांकि, उन्होंने जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी वफादारी जताते हुए कहा, “हम नीतीश जी (CM Nitish Kumar) का हमेशा सम्मान करते रहे हैं और उनसे मिलने की कोशिश भी करेंगे। हमने पार्टी के खिलाफ कभी नहीं बोला है, कोई और बोला होगा… लेकिन हम नहीं बोले हैं।”
सबसे रोचक रही पटना स्नातक सीट
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की कुल 8 सीटों (चार शिक्षक और चार स्नातक) पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें पटना स्नातक सीट सबसे ज्यादा चर्चा में थी, क्योंकि यहां से जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार अपनी साख बचाने उतरे थे, जबकि जन सुराज ने भी यहां पूरी ताकत झोंक रखी थी। अंततः नीरज कुमार ने जेडीयू का किला बचाते हुए इस सीट पर फिर से जीत दर्ज कर ली है।
