मुंबई में ‘डबल अटैक’: प्रदूषण से छाई धुंध की चादर, 36 डिग्री तापमान ने बढ़ाई ‘अक्टूबर हीट’
मुंबई में आज सुबह से ही हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्थिति में बनी हुई है। शहर और उपनगरों में सुबह-सुबह धुंध की चादर दिखाई दी। धीमी हवाओं के कारण धूल के कण हवा में ठहर गए हैं, जिससे वायु गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है। एक तरफ जहां प्रदूषण ने सांसें भारी कर दी हैं, वहीं तेज धूप और 36 डिग्री सेल्सियस तापमान ने मुंबईकरों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
खतरे के निशान से ऊपर PM 2.5 का स्तर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, आज मुंबई का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 139 दर्ज किया गया है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। AQI.in के रियल-टाइम डेटा के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में PM 2.5 की मात्रा 91.6 से 96 µg/m³ के बीच पहुंच गई है। यह 60 µg/m³ की सुरक्षित सीमा से काफी अधिक है। इसके अलावा हवा में PM 10 की मात्रा 88 µg/m³ दर्ज की गई है।
डॉक्टरों ने जारी की स्वास्थ्य एडवाइजरी
हवा में बढ़ते जहरीले कणों को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। सांस की बीमारी वाले मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। डॉक्टरों का सुझाव है कि सुबह के समय जब तक बहुत जरूरी न हो, घर से बाहर न निकलें। इसके साथ ही बाहर भारी एक्सरसाइज करने से बचने और मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में ठंड, मुंबई में गर्मी से बेहाल लोग
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है, लेकिन मुंबई में अक्टूबर में भी गर्मी कहर ढा रही है। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय तापमान में मामूली गिरावट से कुछ राहत मिलती है, लेकिन दोपहर की तेज धूप लोगों को बेहाल कर रही है। सुबह के समय हवा में नमी का स्तर 78 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो दोपहर होते-होते घटकर 35-40 प्रतिशत तक पहुंच जाता है।
