अखिलेश यादव का BJP पर निशाना, वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ने की मांग
समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग को घेरा है। सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में अखिलेश यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट में धांधली रोकने के लिए वोट को अनिवार्य रूप से आधार कार्ड और बायोमेट्रिक से लिंक किया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से बूथ स्तर पर इसके लिए जरूरी उपकरण (Equipment) उपलब्ध कराने की भी मांग की।
‘एक नाम पर दर्ज हैं हजारों वोट’
सपा चीफ ने दावा किया कि उनकी पार्टी की जांच में एक ही व्यक्ति के नाम पर अलग-अलग जिलों और कई बूथों पर भारी संख्या में वोट दर्ज मिले हैं। मतदाता सूची की इन कथित गड़बड़ियों के उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि ‘सुनीता, पत्नी राजेश’ के नाम पर वोट की 420 प्रविष्टियां और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कुल 2,441 प्रविष्टियां सामने आई हैं। इसी तरह उन्होंने दावा किया कि राजकुमार के नाम पर प्रदेश में 1,627 प्रविष्टियां हैं और विकास यादव के नाम पर भी कई बूथों पर वोट दर्ज मिले हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के एकजुट होकर सवाल उठाने के बाद ही चुनाव आयोग की तरफ से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर जानबूझकर पंचायत चुनाव न कराने का आरोप भी मढ़ा। उनके मुताबिक, ग्राम प्रधान अपने क्षेत्र के मतदाताओं को अच्छी तरह जानते हैं, इसलिए पंचायत चुनाव होने पर वोटर लिस्ट की इन गड़बड़ियों को छिपाना सरकार के लिए मुश्किल हो जाता।
‘जिसके साथ दारा होगा, वही अखाड़ा जीतेगा’
पार्टी मुख्यालय में सोमवार को पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी और दारा सिंह प्रजापति समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं और इन नेताओं के सपा में शामिल होने से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक राजनीतिक समीकरणों पर सीधा असर पड़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि नए नेताओं के आने से पार्टी के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की लड़ाई और मजबूत होगी। दारा सिंह प्रजापति का विशेष जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा, “जिसके साथ दारा होगा, वही अखाड़ा जीतेगा।”
वाल्मीकि समाज को घर का मालिकाना हक देने का वादा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा मुखिया ने वाल्मीकि समाज के लिए बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर जिले में वाल्मीकि जयंती पर बड़े आयोजन किए जाएंगे और इस दिन सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday) की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही, वाल्मीकि समाज के लोग जिन कॉलोनियों में वर्तमान में रह रहे हैं, उन्हें वहीं घरों का मालिकाना हक दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।
भ्रष्टाचार और महंगाई पर शिवपाल यादव का प्रहार
कार्यक्रम में मौजूद सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं का स्वागत किया। शिवपाल यादव ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने हर समाज को पीछे धकेलने और लोगों को बांटने का काम किया है।
उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि वर्तमान सरकार में थानों और सरकारी विभागों में बिना पैसे दिए आम आदमी का काम होना मुश्किल हो गया है। शिवपाल ने भरोसा दिलाया कि सपा में शामिल होने वाले सभी नए नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा।
