अयोध्या राम मंदिर: 1 नवंबर से बदल जाएगा रामलला के दर्शन का समय, जानें आरती से लेकर शयन तक का नया शेड्यूल

ayodhya

अयोध्या स्थित श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन, आरती और भोग के समय में बदलाव किया गया है। मौसम में हो रहे परिवर्तन को देखते हुए नई समय-सारणी तैयार की गई है, जो 1 नवंबर (रविवार) से लागू कर दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत मंदिर के पट खुलने और बंद होने के साथ-साथ भगवान के विश्राम के समय में भी संशोधन किया गया है।

क्या है नया शेड्यूल?

नई व्यवस्था के अनुसार, अब रामलला के दर्शन के लिए मंदिर के पट सुबह 4:00 बजे खुलेंगे और रात 10:00 बजे बंद होंगे। वर्तमान में पट सुबह 3:45 बजे खुलते हैं और रात 10:30 बजे बंद किए जाते हैं।

अर्चक प्रमुख आचार्य केशव के अनुसार:

  • सुबह 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी।

  • सुबह 4:40 से 6:30 बजे तक भगवान का अभिषेक, श्रृंगार, धूप-दीप और नैवेद्य के लिए पट बंद रहेंगे।

  • सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती होगी और 7:00 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

बालभोग और राजभोग का समय

सुबह 8:00 से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए दर्शन रोके जाएंगे। इसके बाद दर्शन पूर्वाह्न 11:30 बजे तक चलेंगे। पूर्वाह्न 11:30 से दोपहर 12:00 बजे तक राजभोग के लिए पट बंद रहेंगे और 12:00 बजे राजभोग आरती संपन्न होगी।

दोपहर का विश्राम और संध्या आरती

दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक श्रीरामलला विश्राम करेंगे, इस दौरान पट बंद रहेंगे। पुजारी के प्रवेश और अल्पभोग के बाद दोपहर 1:35 बजे से दर्शन फिर शुरू होंगे और शाम 4:00 बजे तक चलेंगे।

शाम 4:00 से 4:10 बजे तक एक बार फिर बालभोग होगा और दर्शन 6:45 बजे तक जारी रहेंगे। शाम 6:45 से 7:00 बजे तक धूप-दीप के लिए पट बंद कर 7:00 बजे संध्या आरती की जाएगी। रात 8:00 से 8:30 बजे और 9:15 से 9:30 बजे के बीच भी धूप-दीप के लिए पट बंद रखे जाएंगे। रात 9:30 बजे शयन आरती होगी, जिसके बाद 10:00 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

एक नजर: पुराना और नया समय

गतिविधि वर्तमान समय 1 नवंबर से
पट खुलना सुबह 3:45 सुबह 4:00
मंगला आरती सुबह 4:00 सुबह 4:30
श्रृंगार आरती सुबह 6:00 सुबह 6:30
सुबह बालभोग सुबह 9:00 – 9:05 सुबह 8:00 – 8:10
मध्याह्न विश्राम दोपहर 12:30 – 12:55 दोपहर 12:30 – 1:30
शयन आरती रात 10:00 रात 9:30
पट बंद रात 10:30 रात 10:00