शिवा शर्मा मौत मामला: शिवपाल की पार्टी से मॉडलिंग तक… राजनेताओं और अफसरों तक थी गिरफ्तार श्रद्धा की पहुंच
लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे के बड़े राजनेताओं और प्रशासनिक अफसरों के साथ कनेक्शन सामने आए हैं। ग्लैमर की दुनिया में सक्रिय श्रद्धा की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें वह दिग्गज नेताओं को गुलदस्ता भेंट करती नजर आ रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुट गई है कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर के साथ पिछले 11 दिनों तक कहां और किसके संरक्षण में छिपी हुई थी।
2016 में शिवपाल यादव की पार्टी से जुड़ी
रायबरेली की रहने वाली श्रद्धा दुबे का राजनीतिक सफर 2016 में शुरू हुआ था। यह वह दौर था जब समाजवादी पार्टी के भीतर शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच राजनीतिक खींचतान चरम पर थी। अपने एक रिश्तेदार के जरिए नेताओं के संपर्क में आई श्रद्धा की मुलाकात शिवपाल यादव से हुई। इसके बाद उसने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (PSP) का दामन थाम लिया।
आदित्य यादव के साथ तस्वीरें और पार्टी से निष्कासन
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद श्रद्धा राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहने लगी। काम के सिलसिले में उसकी पहचान शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव से हुई। श्रद्धा ने आदित्य के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की थीं। सूत्रों के मुताबिक, हाई-फाई रहन-सहन वाली श्रद्धा को बाद में पार्टी से निकाल दिया गया था, जिसके चलते उसने राजनीति से दूरी बना ली।
पारिवारिक विवाद और मॉडलिंग में एंट्री
श्रद्धा की शादी साल 2010 में हुई थी, लेकिन पति के साथ विवाद के कारण वह अलग रहने लगी थी। राजनीति से मोहभंग होने के बाद उसने फैशन और मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। नए करियर में उसके संपर्क में कई बड़े अधिकारी, क्रिकेटर और अभिनेता आए। सोशल मीडिया पर उसके फॉलोअर्स की संख्या लाखों में पहुंच गई। वह रेस्टोरेंट और ब्यूटी पार्लर के उद्घाटन कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित की जाने लगी, जहां यूपी के कई अफसर और नेता भी मौजूद रहते थे।
लखनऊ विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में जज बनी थी श्रद्धा
श्रद्धा दुबे की पहुंच का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसे शैक्षणिक संस्थानों के कार्यक्रमों में भी बुलाया जाने लगा था। 27 फरवरी 2020 को लखनऊ विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी में आयोजित एक सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रम में श्रद्धा को जज की जिम्मेदारी दी गई थी। इस कार्यक्रम में उसने फैशन शो और ‘मिस्टर एंड मिस संस्कृति सुरभि’ प्रतियोगिता को जज किया था।
