BJP युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में यूपी का दबदबा, जानिए जातियों का गणित 

bjpym

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक नियुक्तियों के जरिए अपने जातीय समीकरणों को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की नई घोषित राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश के तीन नेताओं को अहम पदों पर बैठाया गया है। नई कार्यकारिणी में निखिल मणि तिवारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, हर्षवर्धन सिंह को राष्ट्रीय महामंत्री और विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

ब्राह्मण, राजपूत और त्यागी मतदाताओं पर नजर

पार्टी की इन नियुक्तियों को आगामी चुनाव से पहले यूपी के अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच संगठन की मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति माना जा रहा है। निखिल मणि तिवारी ब्राह्मण समुदाय से, हर्षवर्धन सिंह राजपूत से और विनीत वत्स त्यागी समाज से आते हैं। यूपी की राजनीति में जातीय समीकरण हमेशा से चुनावी गणित का आधार रहे हैं। ऐसे में संगठन के पदों का यह बंटवारा सीधे तौर पर इन तीन प्रमुख जातियों को राजनीतिक संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।

10 नेताओं को मिली जिम्मेदारी, नितिन नवीन का निर्देश

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने नई टीम का ऐलान किया। उनके बयान के अनुसार, ये नियुक्तियां BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं और तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। युवा मोर्चे की इस नई टीम में कुल सात नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन अन्य को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई अन्य पदों पर भी नियुक्तियां हुई हैं, जिनमें यूपी के नेताओं को प्रमुखता दी गई है।

अयोध्या से हर्षवर्धन और बलिया से निखिल मणि तिवारी का क्षेत्रीय प्रभाव

भाजयुमो के नए राष्ट्रीय महामंत्री हर्षवर्धन सिंह का जुड़ाव अयोध्या क्षेत्र से है। अनुमानों के मुताबिक, अयोध्या लोकसभा क्षेत्र में राजपूत मतदाताओं की संख्या करीब 25 हजार से 45 हजार के बीच हो सकती है। पार्टी ने हर्षवर्धन सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देकर इस क्षेत्र के राजपूत समुदाय तक अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया है।

दूसरी तरफ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए निखिल मणि तिवारी का पैतृक गांव बलिया जिले में है। बलिया की कई विधानसभा सीटों पर ब्राह्मण मतदाता चुनावी मुकाबले को सीधे तौर पर प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।