गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को ‘साहब’ बोलकर घिरे दिल्ली पुलिस के DCP अभिषेक धानिया
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अभिषेक धानिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीसीपी की जुबान से कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम के आगे ‘साहब’ निकल गया। इस बयान का वीडियो वायरल होते ही विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस के रवैये पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बोला हमला
वीडियो सामने आने के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नेता अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए दीपके ने लिखा, “लॉरेंस बिश्नोई साहब… गैंगस्टरों के लिए दिल्ली पुलिस के मन में जो सम्मान है, काश वे यही शिष्टाचार उन छात्रों और कार्यकर्ताओं के प्रति भी 10% दिखा पाते, जो बस विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।”
डीसीपी ने दी सफाई: बताया ‘स्लिप ऑफ टंग’
विवाद बढ़ने पर डीसीपी ईस्ट अभिषेक धानिया ने मामले पर सफाई देते हुए इसे अनजाने में हुई गलती (स्लिप ऑफ टंग) करार दिया है। डीसीपी के अनुसार, हाल ही में उन्होंने अपने पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ओमबीर बिश्नोई से मुलाकात की थी और प्रेस कॉन्फ्रेंस के वक्त उन्हीं का नाम उनके दिमाग में चल रहा था, जिस वजह से बातचीत के दौरान यह गलती हो गई।
कौन हैं ओमबीर बिश्नोई?
ओमबीर बिश्नोई दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं और वह पहले डीसीपी ईस्ट के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह हाल ही में पुलिस सेवा से रिटायर हुए हैं। डीसीपी अभिषेक धानिया का कहना है कि इसी मुलाकात की वजह से ‘बिश्नोई’ सरनेम के साथ सम्मानसूचक शब्द जुड़ गया।
किस मामले में हो रही थी प्रेस कॉन्फ्रेंस?
बता दें कि कुछ दिनों पहले दिल्ली में एक कारोबारी ज्वेलर पर दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस ने पंजाब से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो शूटर्स को गिरफ्तार किया था। इसी केस में मिली सफलता और गिरफ्तारी का ब्योरा मीडिया के सामने साझा करने के लिए डीसीपी अभिषेक धानिया प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर लगातार बढ़ रही निगरानी
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम हाल के दिनों में कई हाई-प्रोफाइल वारदातों से जुड़ने के कारण लगातार सुर्खियों में है। मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुए ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में भी इसी गिरोह से जुड़े कनेक्शन की जांच की जा रही है।
उस हमले में जहां टाइगर श्रॉफ शीशे के टुकड़े लगने से मामूली रूप से घायल हुए, वहीं उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से जख्मी हो गए थे। पुलिस इन तमाम वारदातों के तार जोड़कर गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है।
