टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: 15 मिनट में छान मारी पूरी ट्रेन, कोटा पुलिस ने नेपाल भाग रहे 3 शूटर्स को दबोचा
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। राजस्थान की कोटा पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। वारदात के बाद ये तीनों शूटर ट्रेन के जरिए दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की फिराक में थे।
15 मिनट के ऑपरेशन में ट्रेन से हुई गिरफ्तारी
कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने बताया कि रविवार सुबह मुंबई पुलिस से इनपुट मिला था कि फायरिंग के मुख्य संदिग्ध एक ट्रेन से सफर कर रहे हैं और जल्द ही कोटा स्टेशन पहुंचने वाले हैं। सटीक सूचना मिलते ही डीएसपी और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस टीमों ने स्टेशन पर जाल बिछाया और महज 15 मिनट के भीतर पूरी ट्रेन की सघन तलाशी लेकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
नेपाल भागने की थी पूरी प्लानिंग
पुलिस के मुताबिक, मुंबई में वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद ये लोग वहां से ट्रेन पकड़कर निकल गए थे। इनकी योजना दिल्ली पहुंचकर वहां से सुरक्षित नेपाल सीमा पार करने की थी।
पकड़े गए शूटर्स की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का और बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ऋतिक पिछले कुछ सालों से महाराष्ट्र के मुंबई में ही रह रहा था।
रेहान है मुख्य आरोपी, हथियार बरामद नहीं
एसपी तेजस्विनी गौतम ने जानकारी दी कि इन तीनों में से रेहान इस वारदात का मुख्य आरोपी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रेहान ही अनिल पंडित नाम के शख्स के संपर्क में था और उसी ने पूरी वारदात की प्लानिंग को अंजाम दिया था।
गिरफ्तारी के वक्त इन आरोपियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। हथियारों को लेकर पुलिस शुरुआती पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां छिपाए या फेंके हैं।
मुंबई पुलिस को सौंपे जाएंगे आरोपी
कोटा नगर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर अपनी कागजी कार्यवाही शुरू कर दी है। एसपी ने स्पष्ट किया कि आरोपियों को जल्द ही ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। अब मुंबई पुलिस की पूछताछ में इस हमले के पीछे के मास्टरमाइंड और असली वजहों को लेकर बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
