‘वोट चोरी’ का मुद्दा अब पहुंचेगा लंदन: ध्रुव राठी ने पार्लियामेंट स्क्वायर पर प्रदर्शन का किया ऐलान, बोले- ‘अंतरराष्ट्रीय डंका बजाने का वक्त’
देश में कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर छिड़ा विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने जा रहा है। यूट्यूबर ध्रुव राठी ने शनिवार को ब्रिटेन की राजधानी लंदन स्थित संसद चौक (Parliament Square) पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी करते हुए राठी ने लंदन और आसपास मौजूद भारतीयों से दोपहर 12 बजे इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
‘अंतरराष्ट्रीय डंका बजाने का समय आ गया’
ध्रुव राठी ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी दी कि वह लंदन पहुंच चुके हैं।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, “अगर आप यहां हैं, तो शनिवार दोपहर 12 बजे संसद चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने होने वाले प्रदर्शन में शामिल हों।” उन्होंने आगे लिखा, “अंतरराष्ट्रीय डंका बजाने का समय आ गया है।” राठी ने अपनी इस पोस्ट का समापन “जय हिंद” के नारे के साथ किया।
गुरुग्राम से हिरासत में लिए गए थे राठी
ध्रुव राठी का यह कदम ऐसे वक्त में सामने आया है जब हाल ही में उन्हें दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने राठी को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-56 में उनके आवास से एहतियातन हिरासत में लिया था। हालांकि, बाद में देर रात उन्हें रिहा कर दिया गया था।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं और कानूनी प्रक्रियाओं का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। साथ ही राजधानी में प्रदर्शनकारियों के जमावड़े को रोकने के लिए कई संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
