राजनाथ सिंह के ‘रेजीम चेंज’ वाले बयान पर कपिल सिब्बल का पलटवार, बोले- ‘जनता चाहती है बदलाव’

rajnath-singh (1)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा विपक्ष पर लगाए गए ‘बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन’ के आरोपों पर राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने तीखा पलटवार किया है। सिब्बल ने सरकार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की साजिश नहीं, बल्कि देश की जनता का मिजाज है जो खुद सत्ता परिवर्तन चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार, संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार को सीधे घेरा।

‘भ्रष्टाचार के विरोध से सत्ता में आए, फिर उसी को गले लगा लिया’

कपिल सिब्बल ने शनिवार, 17 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर राजनाथ सिंह के बयानों का जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “आप आरोप लगाते हैं कि कांग्रेस बांग्लादेश के रास्ते ‘सत्ता परिवर्तन’ चाहती है। नहीं! जनता ‘सत्ता परिवर्तन’ चाहती है।”

सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सिब्बल ने आगे लिखा, “भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत (India Against Corruption) के नारे के साथ हुए विरोध प्रदर्शनों ने आपको सत्ता तक पहुंचाया था। लेकिन उसके बाद आपने क्या किया? भ्रष्टाचार को गले लगा लिया। संस्थाओं पर कब्जा कर लिया। मतदाता सूची में हेरफेर किया। अब सत्ता से जाने का वक्त आ गया है!”

राजनाथ सिंह ने क्या आरोप लगाए थे?

इससे पहले 16 अक्टूबर को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष देश में बांग्लादेश जैसी अराजक स्थिति पैदा करके चुनी हुई सरकार को जबरन हटाने यानी ‘रेजीम चेंज’ की कोशिश कर रहा है।

राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों पर युवाओं को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा था कि सड़कों पर विरोध-प्रदर्शनों और टकराव की आड़ में युवाओं की ऊर्जा को देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

सिब्बल के इस पलटवार के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में कथित हेरफेर और ‘रेजीम चेंज’ की बहस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव और गहरा गया है।