PoK के पुंछ में लैंडमाइन विस्फोट से 4 युवकों की मौत, पाकिस्तान ने लगाया भारत पर आरोप

pakistan

पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर (PoK) के पुंछ क्षेत्र में लाइन ऑफ़ कंट्रोल (LoC) के नज़दीक एक भीषण लैंडमाइन विस्फोट हुआ है, जिसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पाकिस्तानी अधिकारियों ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए हमेशा की तरह भारत पर बेबुनियाद आरोप लगाए हैं।

यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के सूचना विभाग ने एक बयान जारी कर दावा किया है कि यह धमाका महेंदला मदारपुर गांव के पास हुआ, जो भारतीय सीमा से बिल्कुल सटा हुआ है।

पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान हुआ धमाका

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों युवक अपने गांव के पास जंगल वाले इलाके में पानी की पाइपलाइन की मरम्मत करने और खुदाई के लिए गए थे। उसी दौरान वहां एक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर चारों युवकों की जान चली गई।

इस घटना के बाद पुंछ (PoK) डिवीज़न के आयुक्त सरदार वहीद ख़ान ने भारत पर आरोप मढ़ते हुए कहा, “जिस जंगल से होकर ये युवक गुज़रे थे, वहां भारतीय सेना ने लैंडमाइन बिछा रखी थीं।”

युवकों ने नहीं मानी सैनिकों की बात?

हालांकि, इस घटना में खुद पाकिस्तानी प्रशासन और सेना की लापरवाही भी उजागर हो रही है। ज़िला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि चारों युवकों ने पाइपलाइन की खुदाई शुरू करने से पहले वहां तैनात (पाकिस्तानी) सैनिकों से संपर्क किया था।

अधिकारी के मुताबिक, सैनिकों ने युवकों को आगाह किया था कि यह इलाक़ा एलओसी के बेहद क़रीब और संवेदनशील है, इसलिए खुदाई से पहले क्षेत्र की ‘सफ़ाई’ (माइन क्लियरेंस) के लिए एक दिन का समय दिया जाना चाहिए। ज़िला प्रशासन का दावा है कि युवकों ने सैनिकों की सलाह नहीं मानी और खुद ही जल्दबाजी में खुदाई शुरू कर दी, जिसके चलते यह दुखद विस्फोट हो गया।

भारत की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

पाकिस्तान द्वारा लैंडमाइन को लेकर लगाए गए इन आरोपों पर भारत की ओर से फ़िलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि एलओसी के आसपास घुसपैठ रोकने के लिए सुरक्षात्मक उपाय किए जाते हैं, लेकिन पाकिस्तान अक्सर सीमा पर होने वाली घटनाओं का ठीकरा बिना सबूत के भारतीय सेना पर फोड़ने की कोशिश करता रहता है।