कांग्रेस दफ्तर में जूते-चप्पल चलने पर बोले इमरान मसूद: ‘ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं, अजय राय के योगदान को भुला नहीं सकते’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (UP Congress Headquarters) में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुए जबरदस्त हंगामे ने प्रदेश की सियासत गर्मा दी है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी के समर्थकों के बीच जमकर चले जूते-चप्पल और हाथापाई के बाद अब पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद का पहला बयान सामने आया है।
इमरान मसूद ने इस पूरे विवाद को मामूली करार देते हुए इसे ‘छोटी-मोटी घटना’ बताया है और अजय राय की नाराजगी दूर करने की बात कही है।
‘अजय राय ऊर्जावान नेता, नाराज साथी को मनाया जाएगा’
कांग्रेस सांसद और नए कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने विवाद पर सफाई देते हुए कहा, “जब कोई पार्टी होती है, तो इस तरह की छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं। यह कोई बड़ी बात नहीं है।”
उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की तारीफ करते हुए कहा, “अजय राय बहुत ऊर्जावान अध्यक्ष रहे हैं। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता और ना ही हम उसे कमतर आंकते हैं। निश्चित रूप से उन्होंने पार्टी के लिए बहुत अच्छे काम किए हैं और संगठन को काफी मजबूत किया है।”
विवाद के कारणों पर बात करते हुए मसूद ने कहा कि वहां किस बात पर विवाद हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, क्योंकि उनके पहुंचने से पहले ही यह सब हो चुका था। उन्होंने कहा, “अगर कोई साथी नाराज हो जाता है, तो उसे मनाया ही जाता है।”
इंडिया ब्लॉक के मार्च पर बोले- ‘मेहमानों को चाय-पानी तो पिलाएंगे’
इसके अलावा, इमरान मसूद ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया (INDIA) गठबंधन के विरोध मार्च पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, “आज हमारा दिल्ली में प्रोटेस्ट है। जब लोगों में आंदोलन की चाहत होती है, तो वे पैदल ही चल देते हैं। प्रदर्शन को लेकर पार्टी का जो भी निर्देश होगा, सब उसका पालन करेंगे।”
उन्होंने कहा कि चारों ओर से लोग खुद निकलकर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “घर पर मेहमान आएंगे तो उन्हें चाय-पानी तो पिलाएंगे ही। कितने भी मेहमान आ सकते हैं, किसी को रोक थोड़ी ही सकते हैं।”
क्या हुआ था कांग्रेस दफ्तर में?
रविवार को लखनऊ स्थित यूपी कांग्रेस कार्यालय में उस वक्त स्थिति बेकाबू हो गई थी जब अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच तीखी बहस हाथापाई में बदल गई। चश्मदीदों के मुताबिक, ‘कौन अध्यक्ष?’ वाली टिप्पणी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जूते तक फेंके गए। इस दौरान अजय राय भी खासे नाराज नजर आए और उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग कर डाली थी।
