जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन: सुरक्षा के लिए यूपी से बुलाई गईं 300 महिला पुलिसकर्मी
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), कई छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने आज जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। राजधानी में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए दिल्ली पुलिस की मदद के वास्ते उत्तर प्रदेश से 300 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
यूपी से 25-25 महिला पुलिसकर्मियों की टुकड़ियां रवाना
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर (ADG Law and Order) के कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, यूपी के विभिन्न जिलों से 25-25 महिला पुलिसकर्मियों की टुकड़ियां दिल्ली भेजी गई हैं। हर टुकड़ी की प्रभारी एक महिला निरीक्षक (Inspector) या उपनिरीक्षक (Sub-Inspector) होंगी। दल में एक पुरुष निरीक्षक को भी शामिल किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को अपने आधिकारिक फोटो पहचान पत्र और दंगा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले जरूरी उपकरणों के साथ दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
छावनी बना जंतर-मंतर, ट्रेनों और बसों में चेकिंग
जंतर-मंतर और आसपास के पूरे इलाके को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है। दिल्ली में भीड़ को बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त पाबंदियां लागू की हैं। एहतियात के तौर पर दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है और नई दिल्ली की ओर आने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
राजधानी में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर सघन नाकेबंदी की गई है। पुलिस की टीमें लगातार ट्रेनों और बसों की चेकिंग कर रही हैं ताकि प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही रोका जा सके। किसी भी व्यक्ति को जंतर-मंतर की ओर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
चुनाव और SIR में गड़बड़ी का आरोप
जंतर-मंतर पर यह प्रदर्शन मुख्य रूप से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर बुलाया गया है। प्रदर्शनकारी इन आरोपों के आधार पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
सोमवार को CJI से मिलेगा विपक्ष का प्रतिनिधिमंडल
सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन का आंदोलन भी समानांतर रूप से जारी है। विपक्षी नेताओं ने शुक्रवार रात राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया था। गठबंधन के नेताओं ने बताया कि वे इस मुद्दे पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से भी मुलाकात करेंगे। विपक्षी पार्टियों के भी आज सड़कों पर उतरने की आशंका को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।
