‘जॉनी-जॉनी यस पापा… ज्ञानेश कुमार नो पापा’: ममता बनर्जी का अलग अंदाज, बच्चों की कविता के जरिए CEC और चुनाव आयोग पर साधा निशाना

mamta

 पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर एक अनूठे अंदाज में निशाना साधा है। ममता बनर्जी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे बच्चों की लोकप्रिय अंग्रेजी कविता ‘जॉनी-जॉनी यस पापा’ की तर्ज पर चुनाव आयोग, केंद्र सरकार और सीईसी का विरोध करते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ’ का संदेश दे रही हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया है।

‘जॉनी-जॉनी’ की तर्ज पर ममता बनर्जी का सियासी तंज

सुप्रिया सुले ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “ममता दीदी हमेशा की तरह कमाल हैं! थोड़े हास्य के साथ दिल से दिया गया एक गंभीर संदेश- लोकतंत्र बचाओ, भारत बचाओ!”

वीडियो में ममता बनर्जी कविता के अंदाज में कह रही हैं:

  • जॉनी, जॉनी- यस पापा.

  • SIR- नो पापा.

  • इस्तीफा- यस पापा.

  • हटाओ- यस पापा.

  • गिरफ्तार करो- यस पापा.

  • लोकतंत्र बचाओ- यस पापा.

  • भारत बचाओ- यस पापा.

  • ज्ञानेश कुमार- नो पापा.

  • बीजेपी सरकार- नो पापा.

इस कविता के माध्यम से ममता बनर्जी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा उठाए गए मुद्दों—SIR को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे—का सार्वजनिक समर्थन किया है।

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के संकेत

ममता बनर्जी ने गुरुवार को कोलकाता में स्पष्ट किया था कि वह 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP की ओर से आयोजित किए जा रहे बड़े विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं।

हालांकि, उन्होंने कहा था, “मैं 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल हो सकती हूं, लेकिन अभी कुछ भी निश्चित नहीं है। हमारे उनके (CJP) साथ संबंध रहे हैं और हमने अपना समर्थन दिया है। मेरी सीधी भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा।”

सीजेपी चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित अनियमितताओं और लाखों नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग कर रही है।

राष्ट्रपति से मिला विपक्ष, राहुल गांधी बोले- ‘मांगे गए हैं सबूत’

इससे पहले शुक्रवार को विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी, जिसमें ममता बनर्जी भी मौजूद थीं।

मुलाकात के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को वोट चोरी और SIR में चुनाव आयोग की कथित भूमिका को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि राष्ट्रपति ने उनके आरोपों को खारिज नहीं किया है, बल्कि उन्होंने विपक्ष की पूरी बात सुनने के बाद इस मामले में ठोस दस्तावेजी सबूत पेश करने को कहा है।