पद से हटने के बाद अजय राय का पहला बयान, जनेऊ दिखाकर दिया सख्त जवाब

ajay rai

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) में बड़े बदलाव के बाद सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने अजय राय (Ajay Rai) को हटाकर विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष नियुक्त किया है। पद से हटाए जाने के बाद अजय राय शुक्रवार सुबह वाराणसी में मीडिया के सामने आए। हाथ में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की तस्वीर लिए अजय राय ने कई तीखे सवालों के बेबाकी से जवाब दिए और पार्टी के नए नेतृत्व को बधाई भी दी।

‘हम दिखावटी नहीं, जनेऊ वाले ब्राह्मण हैं’

कांग्रेस की नई टीम (आराधना मिश्रा और इमरान मसूद) को देखकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ‘ब्राह्मण, दलित और मुस्लिम’ (Social Engineering) समीकरण को साधने की कोशिश की है।

जब मीडिया ने अजय राय से पूछा कि क्या उन्हें हटाकर किसी दूसरे ब्राह्मण चेहरे (आराधना मिश्रा) को कमान सौंपना इसी समीकरण का हिस्सा है? इस सवाल पर अजय राय थोड़े सख्त नजर आए। उन्होंने तुरंत अपने कंधे से जनेऊ निकालते हुए मीडिया को दिखाया और तल्ख अंदाज में कहा: “हम जनेऊ वाले ब्राह्मण हैं, कोई दिखावटी ब्राह्मण नहीं। हम हमेशा जनेऊ पहनते हैं। हमारा और पार्टी का उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है, चाहे वह मुस्लिम समाज हो, ओबीसी, दलित, सवर्ण या महिलाएं। हम सर्वहित की बात करते हैं।”

‘ब्रह्म वचन है, मरते दम तक राहुल गांधी के साथ रहूंगा’

अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद सियासी गलियारों में अजय राय के पार्टी छोड़ने या अन्य विकल्प तलाशने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए अजय राय ने स्पष्ट किया: “यह मेरा ब्रह्म वचन है, मरते दम तक राहुल गांधी के साथ रहूंगा। मैं उनका सिपाही हूं और उनका जो भी आदेश होगा, वह मुझे स्वीकार होगा। राहुल गांधी बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बीजेपी के कुशासन के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं।”

नई टीम को दी बधाई, कार्यकर्ताओं के सम्मान की अपील

अजय राय ने अपनी जगह अध्यक्ष बनीं आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष बने सांसद इमरान मसूद समेत पूरी नई टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा: “पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करूंगा। हम मजबूती के साथ लड़ेंगे और 2027 में यूपी में कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे।” हालांकि, उन्होंने दबी जुबान में एक अहम बात जरूर जोड़ी—”मैं यह जरूर कहना चाहूंगा कि पार्टी में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए।”

बीजेपी पर किया पलटवार

कांग्रेस में हुए इस बदलाव पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा कसे जा रहे तंज पर भी अजय राय ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने इमरान मसूद का बचाव करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी का दोहरा चरित्र है। इमरान भाई एक मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं और सभी वर्गों में उनकी बहुत अच्छी पकड़ है।”

अजय राय के इन बयानों से यह स्पष्ट है कि पद से हटने के बावजूद वे कांग्रेस में डटे रहेंगे, लेकिन उनके ‘जनेऊ’ वाले बयान ने यूपी की ब्राह्मण राजनीति में एक नई बहस जरूर छेड़ दी है।