September 20, 2026

Mumbai Coastal Road Accident: तेज रफ्तार BMW कार ब्रिज से गिरी, 3 की मौत और 1 गंभीर

bmw

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार में दौड़ रही एक बीएमडब्ल्यू (BMW) कार लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने ब्रिज से नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को पास के अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।

मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी कार

कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 5:20 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान लाला कॉलेज के पास कार बेकाबू होकर ब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त कार में कुल चार लोग सवार थे।

तीन मृतकों में से दो की हुई पहचान

घटना के तुरंत बाद पुलिस और बचाव दल ने कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला और उन्हें पास के बीएमसी (BMC) संचालित नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल, 17 वर्षीय धैर्य सेठ और लगभग 25 साल का एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। अधिकारी के मुताबिक, कार में सवार एक अन्य अज्ञात युवक (उम्र करीब 20 साल) की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में रखा गया है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। मुंबई कोस्टल रोड 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जो दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है।

इस हादसे पर मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “यह बहुत दुखद घटना है और हम दिवंगत आत्माओं की शांति और पूरे परिवार को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करते हैं।”